गरमपानी: हाइवे से सटी पहाड़ी पर वृहद पौधरोपण मुहिम चलाए जाने की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटी पहाड़ी से खतरा टालने को बरसात में पौधरोपण महाअभियान चलाने जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने  भवाली से काकड़ीघाट तक महाअभियान चलाए जाने की पैरवी की है। व्यापारियों के अनुसार भूस्खलन रोकने में मददगार पौधरोपण से काफी हद तक खतरा टल सकेगा।

भवाली से काकड़ीघाट क्षेत्र तक अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जगह जगह खतरा मंडरा रहा है। कई जगह हाइवे से सटी पहाड़ी से भूस्खलन होने से कई हादसे हो चुके हैं। लोहाली, भोर्या बैंड, पाडली क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने आगामी बरसाती मौसम में भवाली से काकड़ीघाट तक हाइवे से सटी पहाड़ी में पौधरोपण महाअभियान चलाए जाने की पुरजोर मांग की है।

संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष विरेंद्र सिंह बिष्ट, नगर अध्यक्ष मनीष तिवारी, कुलदीप खनायत, सुनील मेहरा, महेंद्र सिंह बिष्ट, संजय सिंह, राकेश जलाल, फिरोज अहमद, पंकज नेगी, हरीश चंद्र, पंकज भट्ट, हरीश कुमार आदि के अनुसार भूस्खलन रोकने में मददगार पौधे रोपित करने से भविष्य में पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन को रोकने में मदद मिलेगी। व्यापारियों ने वन विभाग से पौधरोपण महाअभियान की रणनीति तैयार किए जाने की मांग की है। भरोसा दिलाया है कि पौधरोपण महाअभियान में स्थानीय व्यापारी भी बढ़-चढ़ कर भागीदारी करेंगे।

संबंधित समाचार