Ayushman Card: हल्द्वानी के अस्पताल आयुष्मान कार्ड से नहीं कर रहे जवानों का इलाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पहुंचे आईजी के सामने रखी जवानों ने शिकायत

आईजी बोले, उच्चाधिकारियों से पत्राचार कर जल्द निकालेंगे समाधान

हल्द्वानी, अमृत विचार। सीआरपीएफ के जवानों को हल्द्वानी के अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से इलाज नहीं मिल रहा। यह बात सीआरपीएफ के जवानों ने आईजी भानु प्रताप सिंह के सामने रखी और उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह इस मामले में उच्चाधिकारियों से बात कर जल्द समस्या का समाधान निकालेंगे। 

काठगोदाम स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ग्रुप केंद्र के आईजी भानु प्रताप सिंह सोमवार को यहां पहुंचे थे। उन्होंने ग्रुप केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया और सैनिक सम्मेलन में जवानों की समस्याएं सुनीं। जवानों ने आईजी को बताया कि उन्हें केंद्र सरकार से आयुष्मान कार्ड जारी तो किए गए हैं, लेकिन उन्हें कार्ड का लाभ नहीं मिल रहा है।

जबकि हल्द्वानी में ऐसे 14 अस्पताल हैं, जो आयुष्मान कार्ड पर इलाज करते हैं। ऐसे में तमाम लोगों को इलाज के लिए रामपुर जाना पड़ता है और जिस कार्ड पर हल्द्वानी में इलाज के लिए मना कर दिया जाता है, उसी कार्ड पर रामपुर में आसानी से इलाज मिल जाता है। सैनिक सम्मेलन के बाद पत्रकारों से मुखातिब हुए आईजी ने बताया कि वह इस मामले में उच्चाधिकारियों से पत्राचार कर समाधान निकालेंगे। 
  

नंबर वन है ग्रुप केंद्र, खिलाड़ियों से भी मिले आईजी

आईजी ने ग्रुप केंद्र की तारीफ करते हुए कहाकि निरीक्षण के दौरान उन्हें यहां सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। काठगोदाम का ग्रुप केंद्र हर प्रकार की व्यवस्थाओं में नंबर वन है। जवान विभागीय काम के साथ खेल में भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। चार खिलाड़ी जुजित्सु की एशियन गेम्स के लिए चयनित हुए हैं। उन्होंने खिलाड़ी मनदीप व गौरी पाठक से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस मौके पर डीआइजी शंकर दत्त पांडे भी मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार