Kanpur News: अब शहर से देशभर में साक्षात्कार दे सकेंगे युवा, सेवायोजन विभाग में बनेगा इंटरव्यू कैप्सूल
कानपुर से अब देशभर में साक्षात्कार दे सकेंगे युवा।
कानपुर से अब देशभर में युवा साक्षात्कार दे सकेंगे। सेवायोजन विभाग में इंटरव्यू कैप्सूल बनेगा। जुलाई के अंत से सुविधा शुरू होगी। रोजगार मेलों में कंपनियां, प्रोजेक्टर, साउंड प्रुफ केबिन का काम शुरू बढ़ेंगी।
कानपुर, [राजीव त्रिवेदी]। शहर के युवा अब देशभर की कंपनियों में साक्षात्कार दे सकेंगे। इसके लिए सेवायोजन विभाग में इंटरव्यू कैप्सूल बनाया जा रहा है। यह सुविधा इसी माह के अंत से शुरू हो जाएगी। प्रदेश में कानपुर पहला सेवायोजन विभाग है, जो इस सुविधा को शुरू कर रहा है। इस सुविधा से युवाओं को नौकरी के लिए साक्षात्कार के अधिक मौके मिल सकेंगे।
सेवायोजन विभाग में इंटरव्यू कैप्सूल बनाने के लिए भवन चयनित कर लिया गया है। कैप्सूल को साउंड प्रूफ बनाने के लिए विशेषज्ञों के साथ बातचीत चल रही है। ऑन लाइन साक्षात्कार के लिए प्रोजेक्टर मंगवा लिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि नई प्रक्रिया से हर रोजगार मेले में पांच से अधिक और निजी कंपनियां रोजगार मेलों में शामिल हो सकेंगी।
दरअसल, अभी तक विभाग के रोजगार मेलों में अन्य प्रदेशों की निजी कंपनियां दूरी के कारण आने से बचती थीं। ऑनलाइन कैप्सूल शुरू होने के बाद युवाओं की बाहरी कंपनियों में नौकरी की चाहत पूरी हो सकेगी।
यह होती थी असुविधा
पहले रोजगार मेलों में युवाओं के सीवी का चयन होने के बाद निजी कंपनियां युवाओं के साथ ऑनलाइन साक्षात्कार उनके मोबाइल फोन के जरिए लेती थी। इसमें युवाओं को असुविधा का सामना करना पड़ता था। कई बार सीवी का चयन होने के बाद भी साक्षात्कार नहीं हो पाता था। अब रोजगार मेलों में एक नियत समय पर कंपनी के प्रतिनिधि और युवा दोनों ही एक स्थान पर ऑनलाइन साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे।
‘प्रदेश के सभी सेवायोजन कार्यालयों में कानपुर में यह सुविधा पहली बार शुरू हो रही है। इस सुविधा को ऑनलाइन कैप्सूल नाम दिया गया है। इसके शुरू होने के बाद पूरे देश की निजी कंपनियों के प्रतिनिधि शहर के युवाओं का साक्षात्कार ले सकेंगी।- एसपी द्विवेदी, सहायक निदेशक सेवायोजन
इस तरह काम करेगा ऑनलाइन कैप्सूल
ऑनलाइन कैप्सूल विभाग में साक्षात्कार के लिए बनाया जाने वाला विशेष कमरा होगा। यह कमरा साउंड प्रूफ होगा। साक्षात्कार के लिए एक बड़ी स्क्रीन लगेगी जिसके जरिए निजी कपंनी के प्रतिनिधि और युवा आसानी से बातचीत कर सकेंगे। इंटरनेट की स्पीड भी तेज होगी जिससे प्रश्न और उत्तर के बीच किसी तरह की बाधा पैदा न हो सके। पूरे साक्षात्कार की रिकॉर्डिंग भी होगी।
युवाओं को यह होगी सुविधा
- प्रक्रिया ऑनलाइन होने से मेले में आने वाली निजी कंपनियों की संख्या बढ़ेगी
- निजी कंपनियों की संख्या बढ़ने से युवाओं को नौकरी के अधिक मौके मिल सकेंगे
- मेले में युवा एक साथ कई कंपनियों में साक्षात्कार दे सकेंगे युवक और युवतियां
- साक्षात्कार की रिकॉर्डिंग से युवा साक्षात्कार के समय होने वाली गलती भविष्य में सुधार सकेंगे
