काशीपुर: ई-रिक्शा में बैठी सवारियां ई-रिक्शा लेकर हुई फरार
24 घंटे बाद पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
काशीपुर, अमृत विचार। रोडवेज बस स्टेशन से दोहरी परसा के लिए ई-रिक्शा में बैठे दो यात्री ई-रिक्शा लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के 24 घंटे बाद ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खड़कपुर देवीपुरा निवासी उमेश गोस्वामी ने थाना आईटीआई में दी तहरीर में बताया कि 6 जून की रात्रि वह अपनी ई-रिक्शा में रोडवेज बस स्टेशन से दो सवारियां लेकर दोहरी परसा जा रहा था।
आईजीएल गेट से दोहरी परसा रेलवे फाटक के आगे पहुंचने पर वह एक जगह लघुशंक के लिए रूका। इस दौरान ई-रिक्शा में बैठी दो सवारियां उसका ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तहरीर अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी कैमरें खंगालने शुरू कर दिए और आरोपियों को चिन्ह्ति कर लिया।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी विशालजीत सिंह व विशाल सिंह निवासी दभौरा टांडा मुस्तकहम थाना आईटीआई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बरखेड़ी फोरलेन हाईवे पुल के पास से खेतों में झाड़ियों के पास रखे ई-रिक्शा को भी बरामद कर लिया। इस दौरान ई-रिक्शा के तीन टायर, वैटरी व इंजन आरोपियों ने राह चलते व्यक्तियों को बेच दिये। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया है।
