काशीपुर: फैक्ट्री बेचने के नाम पर हड़पे 1.28 करोड़ रुपये...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार।  फैक्ट्री बेचने के नाम पर एक कारोबारी से हरियाणा के दंपति व पुत्रों ने 1.28 करोड़ की धोखाधड़ी कर ली। 

कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में सरवर खेड़ा निवासी शशांक अग्रवाल ने बताया कि दिसंबर 2022 में उनके पास सेंडी मशीनरी एंड टूल्स कंपनी प्रालि. के डायरेक्टर संजय केसरी उनकी पत्नी शृष्ठि केसरी और उनका एक पुत्र आया। कहा कि वह हरियाणा के गुरुग्राम में रहने के कारण काशीपुर के ग्राम महुआखेड़ागंज में आईडीइबी इंडस्ट्रियल स्टेट में स्थित फैक्ट्री नहीं चला पा रहे हैं।

वह फैक्ट्री को बेचना चाहते हैं। उन्होंने फैक्ट्री में किसी भी तरह का लोन नहीं होने का भरोसा दिलाया। फैक्ट्री का सौदा 1.55 करोड़ रुपये में तय हुआ। 30 जनवरी 2023 को बैनामा करने की तिथि निर्धारित की गई। इस दौरान पीड़ित ने अलग-अलग माध्यमों से आरोपी व उसके परिवार के खाते में चेक के माध्यम से कुल 12812700 रुपये जमा कर दिए।

बाद में पीड़ित को पता चला कि फैक्ट्री पर लोन है। जिस पर पीड़ित ने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो वह गाली गलौज पर उतर आया और जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित ने आरोपियों पर रकम हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने संजय केसरी, उनकी पत्नी शृष्ठि केसरी, बेटे आर्यन व एडविक के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि मामला लेनदेन का है और रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार