काशीपुर: सस्ती दरों में टमाटर मुहैया कराने को मंडी समिति ने लगाया स्टॉल
काशीपुर, अमृत विचार। टमाटर की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर मंडी समिति अब लोगों को सस्ती दर पर टमाटर उपलब्ध कराएगी। जिससे आम जनता को कुछ हद तक राहत मिलेगी।
शनिवार को मुरादाबाद रोड स्थित मंडी समिति प्रांगण में सस्ते टमाटर उपलब्ध कराने को लेकर स्टॉल लगाया गया। स्टॉल का उद्घाटन मंडी समिति सचिव आशा गोस्वामी ने किया। मंडी सचिव आशा गोस्वामी ने बताया कि बाजार में अभी टमाटर 120 से 140 रुपए किलो तक बेचा जा रहा है। जिससे आम जनता को इस महंगाई के दौर में बहुत दिक्कत हो रही हैं।
जिसको लेकर निदेशालय के आदेश पर स्टॉल लगाया गया है। जहां 70 रुपए किलो की दर से लोगों को टमाटर बेचा गया। ज्यादा से ज्यादा लोगों को सस्ते टमाटर का लाभ मिले, इसके लिए एक व्यक्ति केवल 1 से 2 किलो टमाटर ही खरीद सकता है। इससे ज्यादा खरीदने के लिए उसको अगले दिन का इंतजार करना पड़ेगा।
यह स्टॉल सुबह 7 से 9 बजे तक लगाया गया। टमाटर के सस्ते होने तक यह स्टॉल मंडी समिति प्रांगण में प्रतिदिन लगाया जाएगा। इस दौरान मंडी निरीक्षक नवनीत कुमार, महेश सिंह मंडी सहायक, सुंदर, मनोज, कुमार, भीम सिंह, प्रकाश राम आदि मौजूद रहे।
