हल्द्वानी: बिना किराया दिए चंपत हुए यात्री, गली-मोहल्ले ढूंढते रहे चालक-परिचालक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शनिवार को हल्द्वानी डिपो की आगरा-हल्द्वानी बस में दो यात्री टिकट का बिना भुगतान किए बिना उतरे

शक के आधार पर बस स्टेशन में खड़ी कर गली-मोहल्लों में स्कूटी से यात्रियों को ढूंढते रहे चालक-परिचालक आगरा से हल्द्वानी के लिए बैठे थे यात्री

हल्द्वानी, अमृत विचार। परिवहन निगम के हल्द्वानी डिपो की बस में शनिवार को एक अजीब मामला देखने को मिला। शुक्रवार रात्रि आगरा से हल्द्वानी आने वाले दो यात्री हल्द्वानी डिपो की बस में बैठे। परिचालक कैलाश कांडपाल के अनुसार दो यात्री टिकट की धनराशि का भुगतान किए बिना चंपत हो गए।  

परिचालक ने बताया कि बस यात्रियों से खचाखच भरी थी। उन्होंने आगरा स्टेशन से बस में बैठे सभी यात्रियों का टिकट काटना शुरू किया और शुरूआत की सीट में बैठे हल्द्वानी जाने वाले दो यात्रियों का टिकट काटा और उनसे भुगतान करने को कहा तो उन्होंने अन्य यात्रियों का टिकट काटने और थोड़ी देर बाद अपने टिकट का भुगतान करने का आश्वासन दिया।

कैलाश ने बताया कि सभी यात्रियों का टिकट काटने के बाद जब वह उक्त दो यात्रियों के पास गए तो देखा कि वह सो रहे हैं। इस पर वह अपनी सीट पर बैठ गए। उन्होंने उक्त यात्रियों को जगाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हल्द्वानी स्टेशन पहुंचने पर जब उन्होंने उक्त यात्रियों से टिकट का भुगतान प्राप्त करना चाहा तो वह बस से नदारद मिले।

तब परिचालक ने चालक से दो यात्रियों द्वारा टिकट का भुगतान नहीं करने की बात कही। परिचालक ने बताया कि हल्द्वानी स्टेशन से पहले कई यात्री बस से उतरे लेकिन देवलचौड़ के पास उतरे दो यात्रियों पर हुए शक के आधार पर बस को स्टेशन में खड़ी करने के बाद चालक-परिचालक स्कूटी लेकर देवलचौड़ के गली-मोहल्लों में जाकर लोगों से शनिवार सुबह आगरा से वापस आने वाले यात्रियों के बारे में पूछले लगे।

आसपास के कई मोहल्लों में पूछताछ करने की बाद भी उक्त दो यात्रियों का पता नहीं लग पाया। परिचालक ने कहा कि आगरा से हल्द्वानी का किराया 500 रुपये प्रति यात्री है। उन्होंने बताया कि उनके पास किराए से प्राप्त धनराशि में 1 हजार रुपये शॉर्ट हैं। जिसे उनको अपनी जेब से भरना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: आवास विकास में बदमाशों ने ठेलों में आग लगाई
 

संबंधित समाचार