नैनीताल: राजभवन रोड पर वाहन ले जाने वालों के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा
नैनीताल, अमृत विचार। बीते दिनों नैनीताल राजभवन मार्ग पर हुए भूस्खलन के बाद सोमवार को आयुक्त दीपक रावत ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त ने कहा कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के ट्रीटमेंट को लेकर लोक निर्माण विभाग ने करीब नौ लाख रुपये का प्रस्ताव बनाया है। सड़क निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग ने टेंडर जारी कर दिए हैं।
आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रतिदिन कार्य की रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान आयुक्त को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में बैरियर लगाने के बावजूद लोग वाहन चलाते मिले। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जो व्यक्ति क्षतिग्रस्त क्षेत्र में दोपहिया और चौपहिया वाहन चलाते मिलेगा उसके खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई जाएं।
