देहरादून: पत्नी और उसके प्रेमी को सबक सिखाने से पहले पति गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस का दावा- दोनों की हत्या करने के इरादे से तमंचा लेकर पहुंचा था 

देहरादून, अमृत विचार। पत्नी और उसके प्रेमी को सबक सिखाने के इरादे से पहुंचे पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि वह पत्नी व उसके प्रेमी की हत्या के इरादे से पहुंचा था। उसके कब्जे से तमंचा और दो कारतूस मिले हैं। 
   

डीआईजी डीएस कुंवर ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि बीती शाम हरिपुर नवादा मे एक महिला व उसके पति के बीच किसी तीसरे व्यक्ति को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें महिला के पति द्वारा गुस्से में दोनों को ठिकाने लगाने की बात कही गई थी और वह व्यक्ति रविवार सुबह अपने घर से गुस्से में कहीं निकला हुआ है तथा वह किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है।

सूचना पर पुलिस ने उक्त व्यक्ति की पत्नी तथा उसके कथित प्रेमी की निगरानी शुरू कर दी। साथ ही सर्विलांस की मदद से उस व्यक्ति की लोकेशन पर भी नजर रखते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया गया। रविवार रात करीब 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि उस महिला का पति मोहम्मद हसीन अभी-अभी हरिपुर नवादा के आसपास देखा गया है।

सूचना पर पुलिस टीमें महिला तथा उसके कथित प्रेमी के घर के आस-पास सक्रिय हो गईं। रात करीब 2:30 बजे हसीन जब अपने घर के बाहर पहुंचा तो थानाध्यक्ष लोकेन्द्र बहुगुणा की टीम ने उसे दबोच लिया। 

काशीपुर से खरीदा था तमंचा, कारतूस
डीआईजी कुंवर के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद हसीन (26) पुत्र मुन्ने निवासी हरिपुर नवादा थाना नेहरू कालोनी, देहरादून स्थायी निवासी ग्राम बहेड़ी, बरेली ने पूछताछ में बताया कि मुझे अंदेशा था कि मेरी पत्नी का एक मित्र के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है, जिस कारण मैं काफी समय से परेशान चल रहा था।

इस बात को लेकर आए दिन मेरा अपनी पत्नी से झगड़ा होता था। जिस कारण मैंने दोनों को जान से मारने की योजना बनाई थी। इसके लिए मैंने रविवार सुबह काशीपुर जाकर वहां से एक देसी तमंचा और दो कारतूस खरीदे तथा देहरादून वापस आ गया था। दोपहर के समय पूरी तैयारी के साथ उन दोनो को मारने के लिये आया था, लेकिन मेरे पड़ोस में एक महिला की मौत हो गई थी जिस कारण लोगों का हमारी गली में बहुत आना-जाना था इसलिये मैं उस महिला के दफन होने का इंतजार कर रहा था। रात में लोगों की आवाजाही कम होने के बाद मौका मिलते ही मैं दोनों को मार देता, लेकिन ऐसा करने से पहले ही पुलिस ने मुझे पकड लिया। 

संबंधित समाचार