हल्द्वानी: ऑन डिमांड डिलीवरी करने वाले स्मैक तस्कर जंगल से गिरफ्तार
हल्द्वानी, अमृत विचार। सालों से हल्द्वानी में भेष बदल कर रह रहे बरेली के शातिर स्मैक तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस से बचने के लिए तस्कर जंगल में छिपे, लेकिन पकड़ गए। इनके पास से करीब 10 लाख रुपये कीमत की स्मैक बरामद की गई। एक तस्कर यहां छोले-कुल्चे का ठेला लगाता था, जबकि दूसरा ऑटो चालक बनकर स्मैक की तस्करी कर रहा था और धंधा पहाड़ तक फैला दिया था। इन दोनों का आका बरेली में दुबका बैठा है।
पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि कालाढूंगी पुलिस की गिरफ्त में आया राजीव गुप्ता पुत्र खजानची लाल गुप्ता और वालेश कुमार पुत्र ओमकार गुप्ता मूलरूप से राजूपुर भमौरा बरेली उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। राजीव यहां खन्ना फार्म तीनपानी हल्द्वानी में रहकर छोले-कुल्चे का ठेला लगाता था, जबकि वालेश जोशी निवासी चौधरी कालोनी में रहकर ऑटो चलाता था। इसी की आड़ में दोनों पिछले कई सालों से स्मैक की तस्करी कर रहे थे। इन दोनों का आका गुलफाम है और फिलहाल बरेली में छिपा है।
बीती 10 जुलाई की रात कालाढूंगी थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत टीम के साथ चकलुवा कालाढूंगी की ओर चेकिंग पर थे, तभी हल्द्वानी की ओर से स्कूटी संख्या यूके 04 एल 1171 पर सवार दो लोग आते दिखे। पुलिस को देखते ही दोनों मुड़ कर भागने लगे, लेकिन तभी स्कूटी गिर गई और दोनों पैदल ही जंगल की ओर भाग खड़े हुए। हालांकि छिपने की कोशिश कर रहे दोनों को पुलिस ने जंगल से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने 101 ग्राम स्मैक बरामद की। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि बरामद स्मैक की कीमत करीब 10 लाख रुपये है और आरोपी ऑन डिमांड स्मैक की डिलीवरी करते थे। इन्होंने हल्द्वानी से अपना नेटवर्क पहाड़ के कई जिलों तक फैला रखा है।
