किच्छा: करंट लगने से वेल्डर की मौत, लालपुर चौकी क्षेत्र के प्लांट में कर रहा था काम
किच्छा, अमृत विचार। कोतवाली अंतर्गत एक निर्माणाधीन प्लांट में काम करने के दौरान करंट लगने से एक श्रमिक की मौत हो गई। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार लालपुर चौकी अंतर्गत क्षेत्र में एक प्लांट में कई माह से कंस्ट्रक्शन का कार्य चल रहा है। कंस्ट्रक्शन का कार्य काशीपुर के ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह निर्माणाधीन फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी अरविंद कुमार (22) पुत्र मदन लाल वेल्डिंग कर रहा था इसी दौरान उसे करंट लग गया। मौके पर मौजूद अन्य श्रमिक उसे सरकारी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर लालपुर चौकी प्रभारी सतीश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अरविंद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी शर्मा ने निर्माणाधीन प्लांट पहुंचकर श्रमिकों से घटना की जानकारी ली।
