Independence Day Preparation: स्वतंत्रता दिवस से पहले सीसीटीवी से लैस होगा हल्द्वानी
एक साल पहले नगर निगम से मिले चेक का 40 लाख रुपये हुआ रिलीज
पहले से शहर की निगरानी कर रहे 84 कैमरे, अब 115 सीसीटीवी और लगेंगे
हल्द्वानी, अमृत विचार। स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर की सीमा और चप्पा-चप्पा सीसीटीवी से लैस होगा। हालांकि शहर की निगरानी में 84 सीसीटीवी पहले से ही लगे हैं और 15 अगस्त से पहले पुलिस 115 सीसीटीवी और लगाने जा रही है।
बता दें कि एक साल पहले 3 जुलाई को डीजीपी अशोक कुमार जन संवाद कार्यक्रम के तहत शहर आए थे, तब मेयर डॉ.जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला ने शहर की सुरक्षा के लिए 40 लाख रुपये का चेक दिया था। अब तकरीबन एक साल बाद ये पैसा रिलीज हो चुका है।
इन पैसों से 115 सीसीटीवी लगाए जाने हैं। ये सीसीटीवी उच्च क्वालिटी के होंगे, जो दूर तक देखने और सुनने में सक्षम होंगे। इससे पहले पुलिस के बहुउद्देशीय भवन में बने कंट्रोल रूम को हाईटेक बना दिया गया है।
इस कंट्रोल रूम की डिजीटल वॉल से अभी शहर के अधिकांश हिस्से की निगरानी की जा रही है, लेकिन 115 सीसीटीवी और लगने के बाद पूरे शहर और शहर की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद हो जाएगी। ये सीसीटीवी वायरलेस व लाउड स्पीकर सिस्टम से जुड़े हैं।
एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि नगर निगम की ओर से 40 लाख का चेक मिला था। बजट हमारे पास आ गया है। कैमरे कहां लगेंगे, इसके लिए स्थान चिन्हित किए जा चुके हैं। जल्द ही ई-टेंडर की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और 15 अगस्त तक सभी सीसीटीवी लगा दिए जाएंगे।
