रुद्रपुर: आरक्षी धीरज मौत प्रकरण में स्वीमिंग पुल प्रबंधन पर रिपोर्ट दर्ज
रुद्रपुर, अमृत विचार। जून माह में स्वीमिंग पुल में नहाते वक्त सिपाही धीरज मौत प्रकरण में नया मोड़ आया है। मृतक की पत्नी महिला आरक्षी ने पंतनगर थाना पुलिस को तहरीर देकर पति की मौत का जिम्मेदार स्वीमिंग पुल प्रबंधन और वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को बताया है। आरोप था कि यदि समय रहते कर्मचारी ध्यान देते या फिर सुरक्षा उपकरण मुहैया कराते तो शायद उसके पति की जान नहीं जाती। पुलिस ने तहरीर के आधार पर स्वीमिंग पुल प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कैंची धाम कॉलोनी छतरपुर निवासी महिला आरक्षी भावना पाटनी ने बताया कि उसके पति धीरज भंडारी उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी के पद पर तैनात थे और परिवार के साथ कैंची धाम कॉलोनी छतरपुर में रहते थे। बताया कि 10 जून 2023 को धीरज ने बच्चों सहित नजदीक ही बने सप्तऋषि तरणताल में स्नान करने करने स्वीमिंग पुल में पहुंचे। जहां वह बच्चों के बने स्विमिंग पुल में बच्चों को स्नान कराने लगी और पति धीरज बड़े स्वीमिंग पुल में नहाने लगे।
थोड़ी देर बाद नजर डाली तो पति अपने स्थान पर नहीं थे। वहां तैनात स्विमिंग सुरक्षा कर्मी फोन पर व्यस्त थे। भावना का कहना है कि वहां तैनात कर्मचारियों ने किसी भी प्रकार का कोई सुरक्षा उपकरण नहीं दिया और शोर मचाने के बाद भी कर्मचारी पांच से छह मिनट देरी से आए।
