Uttarakhand Weather: आठ घंटे में 12 एमएम बारिश, तापमान लुढ़का
हल्द्वानी, अमृत विचार। जनपद में बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। हल्द्वानी में आठ घंटे में करीब 12 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश और हवा से तापमान में हल्की गिरावट आई है।
काठगोदाम गौला बैराज स्थित सिंचाई विभाग के मुताबिक सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक 12 एमएम बारिश हुई है। वहीं पिछले 24 घंटे में पूरे जनपद में 52.2 एमएम बारिश हुई। जिसमें नैनीताल में 90 एमएम, हल्द्वानी (काठगोदाम) में 53 एमएम, कोश्याकुटोली में 119.4 एमएम, धारी में 35 एमएम, बेतालघाट में 52.3 एमएम, रामनगर में 1 एमएम, कालाढूंगी में 16 एमएम तथा मुक्तेश्वर में 26.8 एमएम बारिश रिकार्ड हुई।
लगातार हो रही बारिश और हवा चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहा। इधर, मौसम विभाग की ओर से गुरुवार को भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मलबा आने से जिले में 32 मार्ग बंद
रुक-रुककर हो रही बारिश से पहाड़ों में सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। जनपद नैनीताल में बारिश के कारण करीब 32 मार्ग बंद हैं। जिसमें 28 ग्रामीण, 2 राज्य मार्ग तथा एक आंतरिक व मुख्य जिला मार्ग शामिल हैं।
आपदा कंट्रोल रूम के मुताबिक नैनीताल-किलवरी, राजभवन-ईस्ट लेगन रोड, पंगोट-देचौरी, कैची-हरतप्पा-तितौली, तल्ला रामगढ़-रातीघाट, झतिया-कांडा, रामनगर-भंडारपानी, बिचखाली-पाथरी, अम्बेडकर ग्राम-रिखोली, भुजान-बेतालघाट, सूपी-लोधगल्ला, पांगकटारा-खलाड़, सिमलखां-सकदीना, कौंता-हरीशताल, मौरनौला-भीड़ापानी, खुजेठी-भौनरा, बरेली अल्मोड़ा-सिरसा, देवली-महतौली, पदमपुर-सुवाकोट, क्वारब-मौना-सरगाखेत, ढोलीगांव-कैड़ागांव, ढोलीगांव-धैना मोटर मार्ग, रातीघाट-बुधलाकोट, मल्यूटी मोटर मार्ग, बजून-अक्सू मार्ग, रोपा मोटर मार्ग, हरतप्पा-हली मार्ग, फतेहपुर-बेल, बिनकोट-चंद्रकोट, डालकन्या-डप्टा, पीपड़-अडिया व देवीपुरा-सौंड मार्ग यातायात के लिए बंद हैं। सभी मार्गों को जेसीबी की मदद से खुलवाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
