अयोध्या: अफसरों व कर्मचारियों को लेकर अब सड़क पर उतरे महापौर, आज से शुरू हुआ नगर सफाई महाभियान
अयोध्या, अमृत विचार। शासन के निर्देश पर शुरु हुए नगर सफाई महाअभियान के तहत महापौर गिरीशपति त्रिपाठी शुक्रवार से अफसरों और कर्मचारियों की फौज लेकर सड़क पर उतर गए हैं। 14 से 21 जुलाई तक चलने वाले इस महा अभियान के तहत अयोध्या - फैजाबाद दोनों नगरों में वृहद सफाई अभियान चल जायेगा। इसके लिए दोनों नगरों को सेक्टर और जोन में बांटा गया है।

नगर सफ़ाई महाभियान के अन्तर्गत सभी वार्डों के पार्षद भी अपने - अपने वार्डों में निरंतर सफाई करायेंगे। शुक्रवार को महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव जैसी परिस्थितियों और परंपरागत कूड़े के ढेरों से नागरिकों को निजात दिलाने के लिए महाभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 21 जुलाई तक लगातार रोस्टर बना कर महाभियान चलाया जाएगा। महापौर ने शुक्रवार को नगर निगम के सभी अफसरों और कर्मचारियों के साथ लक्ष्मणघाट वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया। इसके तहत नालियों की सफाई के साथ - साथ एंटी लार्वा छिड़काव आदि भी किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: तमसा नदी पर पुल निर्माण के चलते सात दिन के लिए बाबा बाजार मार्ग बंद
