रुद्रपुर: छापेमारी में जब्त किए 27 घरेलू गैस सिलेंडर
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग की शिकायत मिलने के बाद शहर के कई स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान टीम को होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और ठेलियों से 27 गैस सिलेंडर मिले। टीम ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है।
शनिवार को उपायुक्त व जिला पूर्ति अधिकारी विपिन कुमार के नेतृत्व में टीम ने ट्रांजिट कैंप, राजा कालौनी, कृष्णा कॉलोनी, तीन पानी डाम, शिवनगर, शिमला बहादुर, विवेकनगर, फूलसुंगी, शिवनगर समेत कई स्थानों पर छापा मारा।
इस दौरान टीम को होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और ठेलियों में भारत गैस एजेंसी के 15, इंडेन गैस एजेंसी के दो और एचपी के 10 सिलेंडर मिले। टीम ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर बोरा गैस सर्विस के सुपुर्द कर दिया है। इस अवसर पर पूर्ति निरीक्षक अनीता तिवारी, मुन्ना लाल, खड़क सिंह आदि मौजूद थे।
