काशीपुर: नशीले कैप्सूलों के साथ तस्कर गिरफ्तार
काशीपुर, अमृत विचार। प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मामले का खुलासा करते हुए एएसपी अभय सिंह ने बताया कि रविवार की देर शाम को कोतवाली पुलिस टांडा उज्जैन क्षेत्र में गन्ना मिल रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान स्कूटी सवार व्यक्ति को रुकने का इशारा किया तो वह स्कूटी मोड़ने के प्रयास में गिर गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया।
तलाशी में उसके पास एक थैले में प्रतिबंधित 1360 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कुलवंत सिंह निवासी ग्राम बांसखेड़ी थाना बाजपुर बताया। एसपी ने बताया कि कुलवंत सिंह नशे के कैप्सूल टांडा उज्जैन स्थित एक मेडिकल स्टोर से खरीद कर लाता है और बाजपुर क्षेत्र में ले जाकर नशेड़ियों को मंहगे दामों में बेचता है।
पुलिस उसके आपराधिक रिकार्ड के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही मेडिकल स्टोर की संलिप्तता की जांच कर रही है। इस दौरान पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी, टांडा उज्जैन चौकी इंचार्ज एसआई मनोज जोशी, बांसफोड़ान चौकी इंचार्ज एसआई सुनील सुतेड़ी , सिपाही जगत सिंह, देवानंद, रमेश पांडे व नरेन्द्र टम्टा शामिल रहे।
