Farrukhabad News : रोडवेज बस पेड़ से टकराई, चालक-परिचालक समेत 12 यात्री घायल, अधिकारियों ने घायलों का जाना हाल
फर्रुखाबाद में बस पेड़ से टकराई।
फर्रुखाबाद में अनियंत्रित होकर रोडवेज बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक-परिचालक समेत करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। डीएम, एसपी ने अस्पताल पहुंच बेहतर सुरक्षा के निर्देश दिए।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। थाना राजेपुर क्षेत्र में मंगलवार को तेज़ रफ्तार अनियंत्रित रोडबेज बस पेड़ से टकरा गई। जिससे चालक-परिचालक सहित करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गये। ग्रामीणों व थाना पुलिस ने यात्रियों को बस से निकाला। गंभीर रूप से घायल 10 यात्रियों को सीएचसी राजेपुर लाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल पहुंच डीएम, एसपी, सीएमओ ने भी घायलों के भी हालचाल लिए।
सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे आनन्द बिहार से निकली बदायूं डिपो की बस जलालाबाद जा रही थी। थाना राजेपुर के ग्राम कुतलुपुर के निकट बदायूं मार्ग पर ट्रक को बचानें के चक्कर में पेड़ से टकरा गई। जोरदार टक्कर से बस के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गये। बस में सवार लगभग एक दर्जन यात्री घायल हो गये। तेज धमाका होने से आस-पास के ग्रामीण एकत्रित हो गये।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर आ गयी। गंभीर रूप से घायल जनपद बदायूं के बिल्सी बेहटा निवासी 38 वर्षीय सत्यवीर पुत्र नरेंद्र सिंह, जनपद हरदोई के पचदेवरा बिसौली निवासी 42 वर्षीय रामविलास पुत्र पुसे लाल, 20 वर्षीय मनीष पुत्र रामविलास, 40 वर्षीय प्रेमा पत्नी रामविलास, जनपद शाहजहाँपुर जलालाबाद कुआरुआ निवासी 15 वर्षीय शेखर शर्मा पुत्र बड़े लाल, बदायूं के उसावा निवासी 35 वर्षीय परिचालक मनोज मिश्रा पुत्र सुरेश चन्द्र मिश्रा, बदायूँ के बिल्सी देवहारी निवासी 26 वर्षीय चालक विकास सिंह पुत्र राजवीर निवासी बदायूँ बिल्सी देवहारी, 32 वर्षीय पुष्पा पत्नी सर्वेश, 15 वर्षीय नितिन पुत्र सर्वेश निवासी शाहजहाँपुर जलालाबाद सहजना घायल हो गये। उन्हें एम्बुलेंस से सीएचसी लाया गया|
जहाँ से सभी घायलों को लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, एसपी विकास कुमार, नगर मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र, सीएमओ अमनेंद्र कुमार, एआरएम आरसी यादव लोहिया अस्पताल पंहुचे और घायलों के हाल-चाल लिये। डीएम नें सभी घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश सीएमओ को दिये। इसके बाद डीएम-एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। यात्रियों नें बस चालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया ।
