संभल: रोडवेज बस परिचालक पर धारदार हथियार से हमला, बाइक सवार ने दिल्ली जा रही बस रुकवाकर की मारपीट
आरोपी को पकड़ पुलिस को सौंपा, घटना के बाद यात्रियों को अन्य बस में किया गया शिफ्ट
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव संभल मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर दिल्ली जा रही रोडवेज बस के आगे युवक ने बाइक अड़ा दी। विरोध करने पर युवक ने बस में चढ़कर परिचालक के साथ मारपीट की। सिर में धारदार हथियार से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। चालक व बस में सवार यात्रियों के साथ मिलकर आरोपी पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना की तहरीर परिचालक ने कोतवाली में दी है। पुलिस ने चालक का उपचार सीएचसी में कराया है।
मंगलवार की सुबह 6.45 बजे मुरादाबाद डिपो की बस चन्दौसी से दिल्ली जा रही थी। रोडवेज बस जब बनियाठेर थाना क्षेत्र के संभल मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर पहुंची तो फाटक बंद होने पर रुक गई। फाटक खुलने के बाद एक युवक ने अपनी बाइक रोडवेज बस के आगे लगा दी और चालक सत्यवीर के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब बस परिचालक प्रेम सिंह निवासी अशोक नगर थाना बनियाठेर ने विरोध किया। तो युवक बस में चढ़ आया और परिचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान युवक ने धारदार चीज से परिचालक के सिर में वार कर दिया। जिससे परिचालक लहुलुहान हो गया। परिचालक को पीटता देख चालक ने बस में सवार यात्रियों की मदद से आरोपी युवक को दबोच लिया। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची गई और परिचालक से घटना की जानकारी की। इसके बाद पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
चालक व परिचालक ने रोडवेज बस की सवारियों को अन्य बस में शिफ्ट कर दिया और बस को रोडवेज स्टैंड पर खड़ा कर दिया। परिचालक प्रेम सिंह ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस ने घायल परिचालक का उपचार सीएचसी में कराया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों के मध्य समझौते के प्रयास चल रहे थे।
घटना के बाद यात्रियों को अन्य बस में किया शिफ्ट
चन्दौसी: चन्दौसी से दिल्ली जा रही मुरादाबाद डिपो की बस के परिचालक के साथ मारपीट होने पर चालक ने बस आगे ले जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद बस में सवार 30 से 35 यात्रियों को अन्य रोडवेज बस में शिफ्ट किया गया। घटना के बाद चालक व परिचालक बस को लेकर रोडवेज स्टैंड पर पहुंचे। यहां अन्य चालक व परिचालक को घटना की जानकारी हुई तो उनमें भी रोष व्याप्त हो गया। इसके बाद घायल परिचालक प्रेम सिंह चालक धर्मवीर के साथ कोतवाली पहुंच गए और कार्रवाई को तहरीर दी।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : इंस्पेक्टर ने ली 50 हजार की रिश्वत तो SSP ने किया लाइन हाजिर, बीजेपी विधायक ने DGP से की थी शिकायत
