हल्द्वानी: कॉलेज परिसर में हेल्प डेस्क लगाने पर लगेगी रोक
हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी कॉलेज परिसर में हेल्प डेस्क लगाने पर रोक लगेगी। कॉलेज प्रशासन ने इस पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। हेल्प डेस्क लगा रहे छात्रों को चिहिन्त कर इसकी सूचना प्रशासन को दी जाएगी।
दरअसल, इन दिनों महाविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। प्रवेश के लिए सहायता के नाम पर छात्रसंघ चुनाव की तैयारी में लगे छात्रों ने कॉलेज परिसर के भीतर और बाहर जगह-जगह हेल्प डेस्क लगा रखे हैं।
इनके जरिए नए विद्यार्थियों को रिझाने की कोशिश की जा रही है। ताकि आने वाले समय में वह चुनाव के दौरान उन्हें वोट कर सकें। मगर अब कॉलेज प्रशासन इन पर रोक लगाने जा रहा है।
प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने हेल्प डेस्क को लेकर एक आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि हेल्प डेस्क के नाम पर कई प्रत्याशियों ने कॉलेज परिसर के भीतर और बाहर पोस्टर चिपकाए हैं, जो कि खेद का विषय है।
जबकि अभी छात्रसंघ चुनाव की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इससे प्रवेश प्रक्रिया में बाधा उत्तपन्न हो रही है। नए विद्यार्थी असमंजस में पड़ रहे हैं। महाविद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क लगा रहे छात्रों को चिहिन्त कर जिला प्रशासन को इसकी सूचना भेजी जाएगी। कहा गया है कि इससे यदि आगामी छात्रसंघ चुनाव में किसी प्रत्याशी के नामांकन में कोई परेशानी आती है, तो वह इसका जिम्मेदार स्वयं रहेगा।
