रुद्रपुर: सीएम ने किया 2435.11 लाख रुपये की चार योजनाओं का लोकार्पण

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

बोले- सरकार निरंतर पूर्ण मनोयोग के साथ कर रही है कार्य

भविष्य की आवश्यकताओं को केंद्र में रख कर बनाई जा रही हैं नीतियां

रुद्रपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर में आयोजित कार्यक्रम में 2435.11 लाख रुपये की चार योजनाओं का लोकार्पण किया। इसके अलावा रुद्रपुर के अंतर्गत सड़कों के सुधारीकरण के लिए मेयर की मांग पर 2 करोड़ की धनराशि देने की भी घोषणा की। इससे पूर्व सीएम ने नगर निगम स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना की। साथ ही पर्यावरण मित्रों की ओर से आयोजित हवन यज्ञ कार्य में प्रतिभाग किया।  

रविवार को मुख्यमंत्री धामी ने नगर निगम में स्व. सुभाष चतुर्वेदी सभागार और सीबीजी प्लांट के उद्घाटन किया। इसमें 355.28 लाख रुपये की लागत से ट्रांजिट कैंप में सिडकुल रोड से ट्रांजिट कैंप थाने की ओर 660 मीटर तक डिवाइडर समेत सीसी रोड का निर्माण कार्य, 363.93 लाख से नगर निगम वार्ड 1 जेसीस स्कूल से शिमला बहादुर मेन रोड व नयी बस्ती मेन रोड सिडकुल तक सड़क निर्माण कार्य, 215.90 लाख की लागत से नगर निगम रुद्रपुर में स्व. सुभाष चतुर्वेदी स्मृति सभागार कार्य व 1500 लाख से जैविक कूड़े से कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट कार्य शामिल है।

इस दौरान उन्होंने कहा कि रुद्रपुर क्षेत्र में 24 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण इस क्षेत्र के विकास के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है। सरकार निरंतर, पूर्ण मनोयोग के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार ने कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया है। समान नागरिक संहिता को लागू करने हेतु कार्य जारी है। देवभूमि में बरसों से हो रहे अतिक्रमण को हटाए जाने पर भी कार्य जारी है। उन्होंने कहा प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेकों कार्य किए जा रहे हैं।

प्रदेश में हर स्तर पर कनेक्टिविटी को सुधारा जा रहा है, उद्योगों के विकास पर बल दिया जा रहा है। साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को केंद्र में रख कर नीतियां बनाई जा रही हैं। इस मौके पर गदरपुर विधायक अरविंद पांडे, पूर्व विधायक किच्छा राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, गुंजन सुखीजा, प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, गुरविंदर सिंह चंडोक, पुष्कर सिंह काला, खिलेंद्र चौधरी, लोकतंत्र सेनानी डीएन मिश्रा, समीर चुतुर्वेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, जिलाधिकारी उदयराज सिंह, आईजी नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य नगर आयुक्त विशाल मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट अनामिका, सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, राजू नबियाल मौजूद रहे।


युवा सीएम दूरगामी सोच रखने वाले व्यक्ति : भट्ट

केंद्रीय पर्यटन एवं रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री युवा, सूझ-बूझ एवं दूरगामी सोच रखने वाले व्यक्तित्व हैं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का चहुमुंखी विकास हो रहा है एवं राज्य में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं।  


सीएम धामी पीएम मोदी के लाडले: अरोरा

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि सीएम धामी देश के लाडले सीएम है और पीएम मोदी के भी लाडले हैं। समान नागरिक संहिता पूरे देश को दिशा दिखाने का काम किया है जो देश का पहला राज्य बनने जा रहा है। इसके अलावा धर्मांतरण के लिए कानून, नकल विरोधी कानून बनाया जो देश को दिशा देने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में मेडिकल कालेज का काम जो पिछले 15 साल से नहीं हो पा रहा था वह सीएम धामी ने पिछले डेढ़ साल में करके दिखाया है।


नजूल नीति लाकर सभी को अपना घर एवं छत देने का मार्ग खोला: मेयर

मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। जिसने यूनिफार्म सिविल कोड की तैयारी पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाने का कार्य किया है। राज्य सरकार ने नजूल नीति लाकर सभी को अपना घर एवं छत देने का मार्ग खोला है।

यह भी पढ़ें: रुद्रपुर: प्लांट हेड से 36 लाख की ठगी करने का मुख्य आरोपी नोएडा से गिरफ्तार

 

संबंधित समाचार