अयोध्या: शुद्ध पेयजल योजना के तहत पूराबाजार ब्लॉक के स्कूलों में लगे वाटर कूलर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सौ स्कूलों में से साठ हुए आच्छादित, शेष में कार्य जारी

पूराबाजार, अयोध्या, अमृत विचार। शुद्ध पेयजल योजना के तहत जिले में पूराबाजार ब्लॉक ने बाजी मार ली है। इस योजना के तहत यहां के सभी सौ परिषदीय विद्यालयों को वाटर कूलर से आच्छादित किया जा रहा है। इसके तहत साठ से ज्यादा स्कूलों में वाटर कूलर लगाया जा चुका है। जिसके चलते परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को शुद्ध और शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो गई है। 

शुद्ध पेयजल योजना के तहत शिक्षा क्षेत्र पूरा बाजार के सभी परिषदीय विद्यालयों में नौनिहालों के लिए वाटर कूलर लगाए जाने का कार्य युध्दस्तर पर किया जा रहा है। क्षेत्र पंचायत निधि से इन वाटर कूलरों की स्थापना की जा रही है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों को इस उमस भरी गर्मी में पानी पीने की उचित व्यवस्था नहीं थी। 

इसे देखते हुए क्षेत्र पंचायत निधि से विकासखंड के सौ परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है। इसके लिए एक लाख से ज्यादा लागत की वाटर कूलर मशीन आरो के साथ विद्यालयों में लगाई जा रही है। लगभग 60 प्रतिशत मशीनें लगाई जा चुकी है।

 इसे लेकर कम्पोजिट विद्यालय अंकवारा में छात्र ललित कुमार के पिता राम अवतार, छात्रा वैष्णवी के पिता संतोष बंसल, छात्रा जानवी के पिता प्रमोद मौर्या, छात्रा सरगम पिता प्रेम कुमार, कक्षा तीन की छात्रा माही के पिता सुरेश कुमार कहते हैं कि इस भीषण गर्मी में विद्यालय में वाटर कूलर लगने से बच्चों को बड़ा आराम हो गया है। 

इंचार्ज प्रधानाध्यापक अनिल सिंह और प्रधान प्रतिनिधि राजेश मौर्या बताया कि क्षेत्र के सभी स्कूलों में वाटर कूलर लगाए जाने से बच्चों को काफी लाभ हो रहा है। बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि पूरा ब्लॉक के स्कूल सबसे पहले आच्छादित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें:-झांसी में अनोखी शादी: लड़की ने भगवान शिव को पहनाई वरमाला, धूमधाम से रचाई शादी

संबंधित समाचार