खटीमा: रेलवे फाटक के पास शराब भट्ठी खोलने का विरोध, जताया रोष
खटीमा, अमृत विचार। पकड़िया से शराब की दुकान को नगर के मेलाघाट रोड रेलवे फाटक के पास शिफ्ट करने का आसपास की महिलाओं ने कड़ा विरोध किया। इस पर एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट ने मौके पर पहुंचकर आबकारी विभाग को मानकों की जांच के निर्देश दिए। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच लोगों ने कहा कि इस रास्ते से स्कूली बच्चे जाते हैं और अनहोनी की आशंका है।
जानकारी के अनुसार पकड़िया की शराब के ठेके को रेलवे क्रासिंग के पास खोलने की सूचना मिलते ही महिलाएं विरोध में मुखर हो गईं। सोमवार की रात भी अनेक महिलाओं ने विरोध किया। भाजपा नेता नवीन बोरा के नेतृत्व में महिलाओं ने प्रदर्शन किया।
इधर, इस मामले में एसडीएम बिष्ट ने प्रशासन की टीम के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग को दुकान खोलने के लिए तय मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं। इसमें मानकों का पालन नहीं होगा तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
