हल्द्वानी: टैंकर ठेकेदारों का कल से हड़ताल पर जाने का ऐलान
जल संस्थान द्वारा अगस्त 2021 से मार्च 2023 तक नहीं किया गया है पूरा भुगतान
गर्मियों में 30-35 जबकि वर्तमान में 18-20 टैंकरों से की जा रही पानी की आपूर्ति
हल्द्वानी, अमृत विचार। जल संस्थान के लिए पानी की आपूर्ति करने वाले अनुबंधित टैंकर ठेकेदारों ने भुगतान न होने पर शनिवार से हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। शहर में कई क्षेत्रों में ट्यूबवेल खराब हैं। साथ ही गौला में सिल्ट आने से भी पर्याप्त पानी फिल्टर नहीं हो पा रहा है। ऐसे में टैंकर ठेकेदारों की हड़ताल से शहर में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था लड़खड़ाना तय है।
ठेकेदारों का कहना है कि शुक्रवार को विभाग के अधिशासी अभियंता रविशंकर लौशाली ने वार्ता के लिए बुलाया था। ठेकेदारों को वार्ता के लिए 3 बजे का समय दिया गया था लेकिन अधिशासी अभियंता अपने कार्यालय में मौजूद नहीं मिले इस पर सभी ठेकेदारों ने शाम 5 बजे तक अधिशासी अभियंता का इंतजार किया लेकिन वह नहीं कार्यालय नहीं आए।
विभागीय कर्मचारियों ने ठेकेदारों को अधिशासी अभियंता के मीटिंग में जाने की बात कही। इस तरह भुगतान को लेकर विभाग की तरफ से कोई आश्वासन नहीं मिलने पर सभी ठेकेदारों ने शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया। ठेकेदारों ने कहा कि जब तक विभाग लिखित में कोई कार्रवाई नहीं करेगा तब तक हमारी हड़ताल जारी रहेगी।
गर्मियों में 30-35 जबकि वर्तमान में 18-20 टैंकर पेयजल प्रभावित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति कर रहे हैं। जबकि विभाग के 8 टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जाती है। विभाग वैकल्पिक व्यवस्था के लिए इन प्राइवेट टैंकरों पर बहुत अधिक निर्भर है। इनके हड़ताल पर जाने से शहर की पेयजल व्यवस्था चरमरा जाएगी और प्रभावित क्षेत्रों में पानी का संकट खड़ा हो जाएगा।
ठेकेदारों ने बताया कि वह 2019 से पेयजल प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों से सुचारू रूप से पानी की आपूर्ति कर रहे हैं लेकिन विभाग ने अगस्त 2021 से मार्च 2023 तक का पूरा भुगतान नहीं किया है। उन्होंने बताया कि सभी ठेकेदारों को रोजाना डीजल और चालकों के भुगतान पर रुपया खर्च करना होता है।
लंबे समय से भुगतान न होने के कारण वर्तमान में पेट्रोल पंपों और चालकों को भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। बताया कि पेट्रोल पंप में हजारों रुपये की देनदारी बकाया है और टैंकर वाहन का टैक्स भरने के साथ ही फिटनेस करवाने के लिए पैसा नहीं है।
