प्रतापगढ़ : बीडीओ का हो तबादला, नहीं तो कर्मचारियों का हो सामूहिक स्थानांतरण
प्रतापगढ़, अमृत विचार। खण्ड विकास अधिकारी बिहार के विरोध में कर्मचारी आंदोलित हो गए हैं। शोषण का आरोप लगाते हुए उनके तबादले की मांग करते हुए समन्वय समिति धरने पर बैठ गई है। ऐसा न होने पर कर्मचारियों ने सामूहिक स्थानांतरण मांगा है। समिति ने मांगे पूरी न होने तक धरना जारी रखने का ऐलान किया है।
बिहार विकास खण्ड बिहार परिसर में सोमवार को ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वय समिति के संयोजन में बीडीओ अश्विनी सोनकर पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए धरना शुरू हुआ। ग्राम विकास अधिकारी, सफाईकर्मचारी, तकनीकी सहायक, कार्यालय के कर्मचारी आदि सामूहिक धरने पर बैठ गए।
कहा कि बीडीओ बिहार द्वारा मानसिक व आर्थिक शोषण के विरूद्ध अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की शुरूआत की गई है। वक्ताओं ने आत्मसम्मान से समझौता न करने की बात कहते हुए बीडीओ का स्थानान्तरण अथवा सभी कर्मचारियों के सामूहिक स्थानान्तरण की मांग की। एक स्वर से सभी ने मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने का संकल्प लिया।
धरना को उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष करूणेश सिंह मुन्ना, समन्वय समिति प्रतापगढ़ के अध्यक्ष सुनील प्रभाकर, समन्वय समिति के जिलामंत्री ध्रुव जायसवाल,संयोजक अक्षय प्रताप सिंह,अरविंद कुमार सिंह आदि ने सम्बोधित किया । संचालन अखिलेश सरोज ने किया। दीपेंद्र सिंह,हरीशचन्द्र पाण्डेय,विकास कुमार उमरवैश्य, महेंद्र कुमार सरोज,शांति प्रकाश शर्मा,पुष्पेंद्र कुमार शुक्ल आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -आजमगढ़ में बोले शिवपाल यादव - INDIA मजबूत, भाजपा को हराएंगे
