हल्द्वानी: सावधान! चलती बस से कहीं भी गिर सकता है आपका सामान
उत्तराखंड रोडवेज की कई बसों के लगेज बॉक्स के लॉक हैं खराब, डोरियों से बांधकर कर रहे हैं यात्रियों के सामान की सुरक्षा
बीते दिनों एक यात्री का सामान से भरा बैग बीच रास्ते में लगेज बॉक्स से गिरा
हल्द्वानी, अमृत विचार। रोडवेज की बस में सफर करने जाएं तो अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें क्योंकि आपका सामान चलती बस से कहीं भी गिर सकता है, गायब हो सकता है। बीते दिनों हल्द्वानी डिपो की रोडवेज बस में हरिद्वार जाने वाले भारतीय सेना के एक जवान का सामान से भरा बैग गायब हो गया।
यात्री ने अपना बैग बस के लगेज बॉक्स में रखा था। लेकिन जब यात्री हरिद्वार पर उतरा तो बस के परिचालक ने सामान उतारा लेकिन यात्री का सामान से भरा एक बैग नहीं मिला। दोनों के बीच बैग को लेकर थोड़ी देर चली बहस के बाद परिचालक ने बताया कि बस के लगेज बॉक्स का लॉक खराब है। इस कारण सामान चलती बस से बीच रास्ते में कहीं गिर गया है। थोड़ी देर चली बहस के बाद यात्री स्टेशन में उतरा और निराश होकर चला गया।
परिचालकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इसी तरह कई अन्य यात्रियों के साथ भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं जिसमें लॉक खराब होने के कारण उनका सामान लगेज बॉक्स से गिर गया। वर्तमान में रोडवेज की कई बसों के लगेज बॉक्स के लॉक खराब हैं। इनके खराब पड़ी कुंडियों को डोरी से बांधा गया है।
कह सकते हैं कि जुगाड़ की डोरियां रोडवेज के लगेज बॉक्स के तालों का काम कर रही हैं। जिनके कभी भी बीच रास्ते में खुलने से बॉक्स में रखा सामान गिर सकता है। परिवहन निगम अपनी बसों को दुरूस्त नहीं कर पा रहा है।
आए दिन बसों में खामियों को लेकर शिकायतें आती रहती हैं। लेकिन निगम इस पर कोई सुध नहीं लेता। बीते दिनों कई रोडवेज बसों में साइड मिरर गायब मिले, कुछ बसों के टायरों में रबड़ चढ़ाए गए थे और वह भी खराब स्थिति में थे। नई बसों को छोड़कर अधिकांश बसों में सीटों की स्थिति खराब है।
