Etawah News: महिला के साथ की चेन लूट, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, लूट का सामान बरामद
इटावा में दो चेन लुटेरे गिरफ्तार।
इटावा में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो चेन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पैर में गोली लगी। आरोपियों के पास से लूट का सामान भी बरामद हुआ।
इटावा, अमृत विचार। पुलिस ने महिला के साथ हुई लूट की घटना का 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई मुठभेड़ में बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पार्टी के ऊपर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में बदमाशों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूट का सामान और अवैध तमंचा बरामद हुआ है।
31 जुलाई को विवेक कुमार सिंह निवासी 225 शिवा कालोनी थाना सिविल लाइन इटावा ने थाना सिविल लाइन पर दो अज्ञात अपाचे मोटर साइकिल सवार व्यक्तियों के खिलाफ मां से गले की चैन छीन कर भाग जाने के संबंध में सूचना दी थी। सूचना पर तत्काल थाना सिविल लाइन पर मुकदमा पंजीकृत किया गया एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने तत्काल घटना का संज्ञान लेते हुए सफल अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया ।
एसएसपी संजय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि थाना बसरेहर क्षेत्रान्तर्गत कल्ला बाग तिराहे पर संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चैकिंग की जा रही थी । इसी दौरान इटावा से बसरेहर की ओर आ रही मोटर साइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। मोटर साइकिल सवार वाहन पीछे मोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुये भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गयी तो दो व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गये।
पुलिस टीम ने सेंगर नदी के पुल के पास से सुबह पकड़ लिया गया। नाम पता पूछने के उपरान्त घायल बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। उल्लेखनीय है कि अभी तक प्राप्त जानकारी में गिरफ्तार अभियुक्त अपने साथियों के साथ मिलकर लूट व अन्य घटनाओं को अंजाम देते है। तीसरा अभियुक्त सौरभ शाक्य निवासी कैलामऊ थाना बसरेहर जनपद इटावा अँधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम संजय कठेरिया पुत्र मानसिंह निवासी कैलामऊ और विकास राजपूत पुत्र सर्वेश निवासी कैलामऊ हैं। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पहले से भी कई अभियोग चल रहे हैं। अभियुक्तों के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटी गई सोने की चैन, सफेद अपाचे मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी समित चौधरी, एसओ बसरेहर बेचन कुमार सिंह, गीतम सिंह, अवधेश कुमार, सुरेश चन्द्र, विनोद कुमार शामिल रहे। एसएसपी ने पुलिस टीम को 20,000 रुपये का इनाम दिया है।
