MJPRU: स्नातक द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा शुरू, जानें डिटेल्स
परीक्षा शुरू होने के पहले ही दिन संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई। परीक्षा 300 केंद्र पर हुई है। ओएमआर बेस्ड परीक्षा के दौरान काफी सख्ती बरती जा रही है। परीक्षा शुरू होने के पहले ही दिन संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी किया। वहीं बरेली कॉलेज में बीएससी कृषि की परीक्षा के दौरान एक छात्र नकल करते पकड़ा गया। उसके पास से गेस पेपर के पेज और प्रवेश पत्र के पीछे लिखी हुई नकल सामग्री मिली।
मंगलवार को संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के तहत अब 7 सितंबर तक परीक्षा होगी। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने बताया कि बीए द्वितीय और चतुर्थ और बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के कुछ प्रश्नपत्रों की परीक्षा में बदलाव किया गया है। 2 अगस्त को बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के पर्यावरण विज्ञान के प्रश्नपत्र की परीक्षा 4 अगस्त, बीए चतुर्थ सेमेस्टर शारीरिक शिक्षा के प्रश्नपत्र की परीक्षा 26 अगस्त और 3 अगस्त की बीए द्वितीय सेमेस्टर की गृह विज्ञान की परीक्षा 6 सितंबर को होगी।
बीडीएस के परीक्षा फार्म 3 अगस्त से भरे जाएंगे
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बीडीएस तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष मुख्य परीक्षा के फार्म भरने की तिथि निर्धारित कर दी है। छात्र 3 से 8 अगस्त तक ऑनलाइन परीक्षा फार्म भर सकते हैं। छात्रों को 9 अगस्त तक भरे हुए फार्म महाविद्यालय में जमा करने होंगे।
विश्वविद्यालय परिसर के सम सेमेस्टर पाठ्यक्रमों के परीक्षा फार्म भरने की तिथि बढ़ाई
विश्वविद्यालय ने परिसर में संचालित सम सेमेस्टर बीफार्मा, एमएससी, एमसीए, एमबीए, एमएड के संस्थागत, भूतपूर्व, बैक और छूटी हुई प्रयोगात्मक परीक्षा के फार्म भरने की तिथि 7 अगस्त तक बढ़ा दी है। छात्रों को 8 अगस्त तक भरे हुए फार्म विभाग में जमा करने होंगे। सोमवार को समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष गजेंद्र कुर्मी ने छात्रों के साथ परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात कर तिथि बढ़ाने की मांग की थी।
यह भी पढ़ें- सेफ सिटी बनेगी बरेली...कैमरे और पैनिक बटन से लैस होंगी कैब, कमिश्नर ने दिए निर्देश
