मुरादाबाद : इरम-गुलजार के बीच दो साल से चल रहा था विवाद, पुलिस जुटा रही साक्ष्य
घटना के बाद से घर में ताला बंद, परिवार के सभी सदस्य फरार, गुलजार के खिलाफ इरम ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। लकड़ी करोबारी मोहम्मद गुलजार की उसकी दूसरी पत्नी इरम से दो साल से विवाद चल रहा था। जिसमें गुलजार के खिलाफ इरम ने मुकदमा भी दर्ज कराया था। बाद में उसके पति ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट की शरण ले ली थी। मंगलवार को उत्तराखंड के नैनीताल में तल्लीताल क्षेत्र स्थित नेशनल होटल में इरम की मौत के बाद पति के भाग जाने के बाद दोनों के विवाद की नई कड़ी सामने आई है।
मुहल्ले में घटना को लेकर लोग खूब मुखर है। इरम की मौत के बाद गुलजार के परिवार के सभी सदस्य गायब हैं। क्षेत्रीय पार्षद के पति फहीम ने बताया कि इरम कई दिनों से यहां नहीं देखी गई थी। नैनीताल से लोगों को जानकारी मिली कि महिला का पति अस्पताल का पता पूछकर होटल से फरार हो गया। अब इस मामले में पुलिस साक्ष्य जुटा रही है।
होटल में मिला शव महानगर में रहमत नगर गली नंबर-4 गुलाम रसूल मस्जिद के पास की निवासी इरम खान (32) का है। इरम पति मो.गुलजार के साथ नैनीताल घूमने आई थी। दोनों तल्लीताल स्थित नेशनल होटल के कमरा नम्बर 202 में ठहरे थे।
गुलजार ने होटल कर्मियों से बीवी की तबियत खराब होने की बात कहकर अस्पताल की जानकारी पूछी। फिर होटल से निकलने के बाद गुलजार दोबारा नहीं लौटा। उधर, गुलजार के पड़ोसियों का कहना है कि गुलजार तीन भाई है। इसका लकड़ी के गुटके बनाने का कारोबार है।
दो भाइयों से भी इसकी नहीं बनती है। इरम गुलजार की दूसरी बीवी है, जबकि पहली पत्नी से चार बच्चे हैं। गुलजार से इरम के अभी कोई संतान नहीं थी। इरम से गुलजार का विवाद चल रहा था। घटना के बाद से उसके घर में कोई नहीं है, ताला लगाकर पूरा परिवार गायब है।
पर्यटक का शव नैनीताल के होटल में मिला
नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र स्थित नेशनल होटल से एक महिला पर्यटक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। महिला का पति अस्पताल का पता पूछकर होटल से फरार हो गया। फॉरेन्सिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीओ विभा दीक्षित ने बताया कि रहमत नगर गली नंबर-4 गुलाम रसूल मस्जिद मुरादाबाद निवासी इरम खान (32 ) पति मो. गुलजार के साथ नैनीताल घूमने आई थी। वह दोनों तल्लीताल स्थित नेशनल होटल के कमरा नम्बर 202 में ठहरे हुए थे। मंगलवार दिन में गुलजार ने होटल कर्मियों से बीवी की तबियत खराब होने की बात कहकर अस्पताल की जानकारी पूछी। जिस पर होटल कर्मियों ने बीडी पांडे जिला अस्पताल जाने की बात कही, जिसके बाद वह होटल से तेजी से निकल गया, लेकिन फिर लौटा नहीं।
शाम पांच बजे तक कमरे में कोई हलचल न होने के चलते होटल कर्मियों ने कमरे में देखा तो वहां महिला बेसुध अवस्था में मिली। जिस पर होटल कर्मियों ने पुलिस को सूचित कर दिया। सीओ के साथ एसओ रोहिताश सिंह सागर व एसआई दीपक बिष्ट, संदीप नेगी होटल पहुंचे। कमरा अंदर से बंद होने पर एक पुलिसकर्मी ने खिड़की के रास्ते कमरे में घुसकर दरवाजा खोला तो अंदर बेड पर महिला मृत अवस्था में मिली। जब उसके पति को सम्पर्क करने के लिए फोन किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ आया।
पूर्व में कई बार आ चुके थे दोनों
नैनीताल: सीओ के अनुसार, होटल कर्मियों ने पूछताछ में बताया कि इरम और उसका पति पूर्व में भी कई बार नैनीताल घूमने आ चुके हैं और इसी होटल में ठहरते थे। दोनों सोमवार देर शाम नैनीताल पहुंचे थे और मंगलवार दोपहर एक बजे गुलजार बाइक से होटल से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : महानगर में पिंक शौचालय की सुविधा बनी मजाक, उचित रखरखाव न होने से महिलाएं करती हैं जाने से परहेज
