हल्द्वानी: एसपी के आदेश पर भी नहीं लिखा मुकदमा, पिछले साल हुई थी चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। चोरी के मामलों में अक्सर सीधे मुकदमा दर्ज करने से बचने वाली पुलिस ने इस बार हद कर दी। पिछले साल हुई चोरी के मामले में पुलिस तफ्तीश के नाम पर पहले तो पीड़ित को बरगलाती रही। हद तो तब हो गई, जब एसपी सिटी हरबंस सिंह के आदेश के बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। अब 7 माह से अधिक का वक्त गुजर जाने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। 
 

मल्ला गोरखपुर निवासी संजय कुमार नगर पालिका भवाली में काम करते हैं और यहां पत्नी हेमा आर्या व परिवार के साथ रहते हैं। बकौल हेमा पिछले साल दिसंबर में उनके भाई की बेटी की शादी थी। शादी में जाने से पहले उन्होंने बैंक लॉकर में रखे अपने जेवर निकाले थे। 12 दिसंबर को वह शादी समारोह में शामिल हुईं और 14 दिसंबर को घर वापस आ गईं, लेकिन जेवर बैंक में रखने नहीं जा सकीं। उन्होंने अपने जेवर अलमारी के लॉकर में लॉक कर दिए। बीती 20 फरवरी को हेमा घर पर काम कर रही थी तो उनकी नजर लॉकर पर गई। लॉकर में चाबी लगी थी। यह देख हेमा घबरा गई और जब उन्होंने लॉकर टटोला तो उसमें रखे गहनों में तमाम गहनें गायब थे। हेमा की मानें तो लॉकर से एक जोड़ी सोने की पौंजी, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक सोने की अंगूठी और एक सोने के टॉप्स गायब थे। 
 

  मामले में पुलिस के रिपोर्ट दर्ज नकरने पर हेमा बीती 15 मई को एसपी सिटी के पास पहुंची। एसपी सिटी ने कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के लिए कहा, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। हेमा का कहना है कि उनका बेटा ब्लड कैंसर का मरीज है और चोरी गए जेवर उसके इलाज के लिए थे। बहरहाल, अब इस मामले में पुलिस ने 7 माह से अधिक का वक्त गुजर जाने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।


कोतवाली पुलिस ने भोटियापड़ाव भेजा, वो जांच करते रहे
हल्द्वानी : घटना के बाद हेमा ने फौरन सूचना पति को दी और नौकरी पर जा रहे संजय रास्ते से वापस लौट आए। दोनों शिकायत लेकर हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे। जहां से दोनों को भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी भेज दिया गया। चौकी में मौजूद पुलिस कर्मी घटना स्थल पर पहुंचे और तहकीकात की। संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में पूछा। हेमा ने उन्हें बताया कि काम वाली कोमल प्रजापति और अनिरुद्ध पाण्डे घर पर आते-जाते रहते हैं। हेमा ने दोनों पर चोरी का शक जाहिर किया। 


घर से लगातार गायब हो रही चीजों को किया नजरअंदाज
हल्द्वानी : हेमा का कहना है कि घर में बर्तन व झाडू़ पोछा करने वाली कोमल की पूर्व में भी संदिग्ध हरकतें थीं। घर का गुल्लक, मोबाइल चार्जर, बेटे का चश्मा, ऐसी कई कई चीजें गायब होती रहीं और वो इन सबको लगातार नजरअंदाज करती रहीं। जिसका उन्हें बड़ा खामियाजा उठाना पड़ा और घर से लाखों रुपये के जेवर गायब हो गए। बहरहाल पुलिस मौके से चली गई और जाने के काफी समय तक रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की। पूछने पर सिर्फ भरोसा दिया जाता रहा। 

संबंधित समाचार