खटीमा: पीलीभीत से फेरी लगाने आया कारीगर संदिग्ध हालात में मृत मिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। चकरपुर क्षेत्र में वनखंडी महादेव मंदिर से आगे टनकपुर रोड में बस स्टाप के समीप पीलीभीत का सूप बनाने के कारीगर संदिग्ध हालात में मृत मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि बुधवार को वह घर से बाइक से सूप बेचने के लिए निकला था।

मृतक की बाइक सड़क किनारे खड़ी मिली। पुलिस के अनुसार गुरुवार की सुबह करीब सात बजे टनकपुर रोड में वनखंडी महादेव मंदिर के समीप बस स्टाप के पास एक बाइक खड़ी होने और पास ही सड़क के नीचे नाली में शव पड़ा होने की सूचना वहां से गुजर रहे लोगों ने दी।

चकरपुर चौकी इंचार्ज एसआई प्रियांशु जोशी ने बताया कि शव की शिनाख्त यूपी के पीलीभीत जिले के ग्राम नौगवां पकड़िया,  काशीराम कालोनी, थाना सुनगड़ी निवासी किशन सिंह भाटिया (25) के रूप में  हुई। सूचना मिलने पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे किशन के दादा अतर सिंह भाटिया ने बताया कि उनका परिवार सूप तैयार कर बेचता है।

बुधवार की सुबह करीब 9 बजे उनका पोता किशन 4-5 नए सूप और पुराने सूपों की मरम्मत का सामान लेकर रोज की तरह खटीमा को निकला था। किशन परिवार में चार भाइयों में सबसे बड़ा था और घर में पत्नी सुवित, 2 वर्षीय पुत्र आर्य है। पोस्टमार्टम हाउस में पीलीभीत से आए शोकाकुल परिजनों का जमावड़ा लगा रहा। एसआई जोशी ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की बात कही गई है।

संबंधित समाचार