रायबरेली : उद्यान राज्य मंत्री सुनेंगे बिजली की समस्या, जिला पंचायत सभागार में लगेगा शुक्रवार को शिविर
अमृत विचार, रायबरेली । प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने नई योजना के तहत जिलों की बिजली व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए मंत्री, सांसद, विधायक और नगर निकायों के अध्यक्षों को भी शामिल किया है। इसके तहत शिविर लगेंगे जिसमें जन प्रतिनिधि लोगों की बिजली की समस्या को सुनेंगे और फिर उनके निस्तारण पर निर्देश देंगे।
बड़ी विकट समस्या पर कोई रास्ता भी निकालेंगे। इस तरह लोगों के बीच जन प्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ उनकी मौजूदगी बढ़ेगी। समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर यह योजना बनाई गई है। जिले के हर सर्किल में इस तरह के शिविर लगेंगे। इसी के चलते शहर में शुक्रवार को उद्यान राज्य मंत्री शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की समस्या को सुनेंगे।
उद्यान राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश सिंह ने ट्वीटर हैंडल पर जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री की योजना के तहत जिला पंचायत सभागार में बिजली की समस्या के निस्तारण को लेकर शिविर लगेगा। साथ ही मंत्री ने ब्लाक प्रमुख, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष को भी बुलाया है। यह भी कहा कि यदि यह जन प्रतिनिधि नहीं आ सकते हैं तो प्रतिनिधि के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों की समस्या और सुझाव को भेज सकते हैं।
बिजली की समस्या है गंभीर
जिले में बिजली की समस्या बहुत गंभीर है। ऊंचाहार, जगतपुर में तो बिजली आ ही नहीं रही है। वहीं शहर में भी मौसम बदलते ही बिजली गुल हो जाती है। रात में बिजली की अघोषित कटौती जारी है। ऐसे में लोगों को नींद नहीं मिल पा रही है। उमस में बिजली न होने से लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। हालांकि इस शिविर में बहुत अधिक समस्या आने की उम्मीद है। ऐसे में इन समस्याओं का निस्तारण किस तरह होगा। यह देखने वाला होगा।
ये भी पढ़ें - रायबरेली : पैर फिसलने से तालाब में डूबकर हुई वृद्ध की मौत
