काशीपुर: विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
काशीपुर, अमृत विचार। एक नवविवाहिता की फांसी लगाने से ससुराल में संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई। पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतका के पिता ने पति व सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दी है।
थाना कुंडा के ग्राम हरियावाला निवासी लाखन सिंह ने अपनी पुत्री राजबाला का विवाह 11 मार्च, 2019 को ढकिया गुलाबों निवासी धर्मवीर के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज कम लाने के ताने देकर उसकी बेटी के साथ मारपीट करते थे।
कई बार समझाने के बाद उनका रवैया नहीं बदला। 3 अगस्त 2023 को रात को करीब 10 बजे ससुराल वालों ने फोन कर उन्हें बताया कि तुम्हारी बेटी ने फांसी लगा ली है। जब वह पहुंचे तो उसका शव बिस्तर पर रखा हुआ था। लाखन ने बेटी के पति धर्मवीर, ससुर व सास पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
