लालकुआं: हल्दूचौड़ में अवैध अस्पताल सील, तीन संचालक हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्दूचौड़ मेन बाजार में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने छापेमारी की

हिंदूवादी संगठनों एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों ने अस्पताल का किया विरोध

लालकुआं, अमृत विचार। हल्दूचौड़ मेन बाजार में बिना वैध कागजातों के बड़े स्तर पर चल रहे अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने छापेमारी कर न केवल सील कर दिया, बल्कि उसके 3 संचालकों को भी हिरासत में ले लिया।

आशंका है कि अस्पताल की आड़ में अन्य कोई गतिविधियां भी संचालित हो सकती हैं। इससे पूर्व हिंदूवादी संगठनों एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों ने उक्त हॉस्पिटल का जबरदस्त विरोध किया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस की मदद से उक्त कार्रवाई की है।

शुक्रवार की प्रातः भाजपा नेता रोहित बिष्ट के नेतृत्व में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने हल्दूचौड़ नया बाजार में खुले आशीर्वाद हॉस्पिटल के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पूरी तरह ग्रामीण अंचल में दिल्ली एवं महानगर से आकर कुछ बाहरी तत्व अस्पताल की आड़ में अन्य समाज विरोधी गतिविधियां संचालित करने का कार्य कर रहे हैं।

उक्त बाहरी तत्वों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों ने इसके संचालन का विरोध करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों के प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पहुंचे अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्वेता भंडारी, ब्लॉक चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश पांडे, चिकित्साधिकारी डॉ. लव पांडे के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस की टीम ने हॉस्पिटल में छापेमारी की।

जब अस्पताल संचालकों से कागजात मांगे गए तो वह कोई भी प्रपत्र दिखाने में नाकाम रहे। जबकि मौके पर भारी मात्रा में दवाइयां, भर्ती करने के लिए बेड व बड़े अस्पताल से संबंधित समस्त सामान मौजूद था। चिकित्सकों की टीम ने चिकित्सालय से संबंधित कोई भी रजिस्ट्रेशन या प्रपत्र न होने के कारण क्लीनिक को सील कर दिया।

साथ ही 10 हजार रुपये का चालान भी किया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने चिकित्सालय के संचालक वसीम अहमद, मोहम्मद आदिल तथा आशीष कुमार निवासी रामपुर को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। प्रदर्शनकारियों में भगवा रक्षा युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु जोशी, कमल बमेटा, महेश जोशी और कमल रौतेला आदि शामिल थे। 

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: मित्र विहार कॉलोनी में बंद घर में घुसे चोर, लाखों का माल उड़ाया
 

संबंधित समाचार