आकर्षक बनेगा कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन, बढ़ेगी खूबसूरती
कासगंज, अमृत विचार। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित हुए कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन की खूबसूरती बढ़ जाएगी। यहां का नजारा आकर्षक हो जाएगा। इसके आधुनिकीकरण एवं नवीनीकरण की नींव रविवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी। उन्होंने वर्चुअल शिलान्यास किया। वीडियो कांफ्रेंसिंग से होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम में रेलवे स्टेशन पर सांसद, विधायक और भाजपा के दिग्गजों सहित रेलवे के अफसर जुड़े। इसके बाद पीएम मोदी भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए इस समारोह से जुड़े।
कासगंज रेलवे स्टेशन पर लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण होगा। पीएम मोदी ने रिमोट दबाकर शुभारंभ किया। पीएम द्वारा रिमोट की बटन दबाते ही तालियां गूंजने लगीं। वर्चुअल संबोधन में मोदी ने कहा कि देश मे स्टेशन के विकास के लिए डेढ़ हजार करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे। आज स्टेशनों पर मुफ्त वाई-फाई की सुविधा मिल रही है। इसका हजारों युवाओं ने लाभ उठाया है।
पीएम के संबोधन को भाजपा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बॉबी कश्यप, पालिकाध्यक्ष मीना महेश्वरी के अलावा रेलवे इज्जत नगर मंडल के एडीआरएम विवेक गुप्ता, सीनियर डीसीएम नीतू सिंह सहित रेलवे के अफसर ने सुना।
पीएम के संबोधन के बाद सांसद ने शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। फिर उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने रेल के साथ-साथ पूरे देश का विकास किया है। कासगंज जंक्शन स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टेशन को साफ और स्वच्छ बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। बोले जल्द ही कासगंज से एटा रेल ट्रैक भी जुड़ जाएगा। इसके लिए टोकन मनी जारी हो चुकी है। सांसद ने कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर भाजपा शासनकाल में कराए गए रेल विकास के कार्यों को गिनाया।
बच्चों ने दी प्रस्तुति, सजाई पेंटिंग
स्कूली विद्यार्थियों ने शिलान्यास कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी और पेंटिंग में सजाई। आकर्षक प्रस्तुति पर जमकर तालियां बजी और विद्यार्थियों की प्रशंसा की गई । सांसद ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका प्रोत्साहन भी किया। पूरी तरह अनुशासित कार्यक्रम दिखाई दिया। रेलवे के अधिकारियों के अलावा कासगंज के सीडीओ सचिन, एसडीएम पंकज कुमार, सीओ अजीत चौहान भी व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। इस मौके पर महेंद्र सिंह बघेल, नीरज शर्मा, अनिल पुंढीर राजेंद्र बौहरे, डॉ. वीडी राना, राजवीर सिंह भल्ला, डीएस लोधी बड़ी संख्या में भाजपाई उपस्थित रहे।
यह है विशेषता
कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन जिला कासगंज का मुख्य रेलवे स्टेशन है। कासगंज जनपद में कई धार्मिक स्थल हैं। भगवान विष्णु के वराह अवतार की धरा सोरों शूकरक्षेत्र में देश के दूरदराज से भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। वही जनपद के उत्तर में गंगा नदी का कछला घाट है। यहां भी अनगिनत लोग गंगा स्नान के लिए आते हैं। ऐसी मान्यता है कि नदरई स्थित महाभारत कालीन भीमसेन घंटा एवं ब्रिटिश शासनकाल में काली नदी पर निर्मित पुल वर्तमान में आकर्षण का केंद्र है।
आंकड़े की नजर से
27 रेलवे लाईन जुड़ी हैं स्टेशन से
05 प्लेटफार्म हैं स्टेशन पर
18 जोड़ी सवारी ट्रेन का संचालन प्रतिदिन किया जाता है
19 साप्ताहिक/द्विसाप्ताहिक/त्रेसाप्ताहिक ट्रेन गुजरती हैं यहां से
20 मालगाड़ियां गुजरती हैं प्रतिदिन
यह होंगे कार्य
-प्लेटफार्म संख्या 1 से 5 के फर्श एवं प्लेटफार्म के छाजन को सुदृढ़ कर यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर सुरक्षित आने-जाने के लिए 12 मीटर चैड़ा नए पैदल उपरिगामी पुल का निर्माण किया जायेगा।
-प्लेटफार्म संख्या दो व तीन पर यात्री छाजन का प्रावधान एवं प्लेटफार्म संख्या एक के यात्री छाजन में फाॅल्स सीलिंग लगाई जाएगी।
- सर्कुलेटिंग परिसर, यातायात संचालन क्षेत्र एवं पार्किंग क्षेत्र का विकास कर दो, तीन एवं चार पहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
- कासगंज स्टेशन पर कानकोर्स आदि के अंदरुनी भागों का विकास तथा भूदृश्य एवं बागवानी का भी प्रावधान किया जाएगा।
- यात्री प्रतीक्षालयों में उन्नयन कार्य करते हुए आंतरिक साजो-सज्जा सहित प्लेटफार्मों पर उपलब्ध यात्री प्रसाधनों में सुधार किया जाएगा।
-यात्रियों को ट्रेनों के आगमन/प्रस्थान की जानकारी प्रदान करने के लिए प्लेटफार्मों पर सिंगल लाईन ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड तथा पैदल उपरिगामी पुल पर एट-ए-ग्लांस बोर्ड लगाया जाएगा।
-स्टेशन भवन के परिसर को सुधार कर प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग परिसर में एल.ई.डी. फिटिंग्स के साथ चार मीटर का अष्टकोणीय पोल व एल.ई.डी. साईनेज, स्टेशन नाम बोर्ड, मिनी मास्ट लाईट सहित एल.ई.डी. ल्यूमिनेयर फिटिंग्स, मोबाइल चार्जिंग सॉकेट प्वाइन्ट तथा स्टेशन भवन के छत पर सौर ऊर्जा पैनल लगाये जाएंगे।
ये भी पढ़ें- कासगंज: देवांश लॉज मामले में तहसीलदार ने शुरू की जांच, राजस्व टीम ने की पैमाइश
