हल्द्वानी: लावारिस जानवरों के लिए चोरगलिया में बनेगी गौशाला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हादसों का सबब बन रहे लावारिसों के लिए नगर निगम बनाएगा अपनी पहली गौशाला

इसी सप्ताह मिल सकती है जमीन, टीम ने हल्दूचौड़ में किया गौशाला का निरीक्षण

हल्द्वानी, अमृत विचार। सड़कों पर विचरण कर रहे लावारिस जानवरों के लिए नगर निगम चोरगलिया में गौशाला का निर्माण कराएगा। इसके लिए राजस्व विभाग की भूमि का चयन हो चुका है और इसी सप्ताह भूमि नगर निगम को हस्तांतरित की जा सकती है। इधर, नगर निगम की टीम ने हल्दूचौड़ स्थित गौशाला का भी निरीक्षण किया है।  

बता दें कि कुछ माह पहले चोरगलिया रोड पर रात अचानक जानवर सामने आ जाने से एक स्कूटी सवार की मौत हो गई थी। इसी तरह कुछ दिन पूर्व भी गांधी स्कूल के पास लावारिस जानवर की चपेट में आ जाने से स्कूल सवार की मौत हो गई थी। ऐसे तमाम हादसे हैं, जिसमें लोग घायल हुए।

इन हादसों और मौतों को देखते हुए महापौर जोगेंद्र रौतेला ने गौशाला के लिए जमीन की मांग प्रशासन से की थी। महापौर ने बताया कि नगर निगम की गौशाला चोरगलिया में बनाई जाएगी। इसी सप्ताह जिला प्रशासन निगम को जमीन दे सकता है। डीपीआर और गौशाला के डिजाइन बनाने का शुरू कर दिया है। आगामी बोर्ड बैठक में गौशाला का प्रस्ताव भी बोर्ड में लाया जाएगा।

उधर, नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट और एई नवल नौटियाल ने हल्दूचौड़​ स्थित गौशाला का जायजा लिया और गौशाला का डिजाइन देखा।

 

 

संबंधित समाचार