मुरादाबाद : ट्रिपिंग ने विभागीय अधिकारियों की भी उड़ाई नींद, एक्सईएन बोले- मैं भी रात भर नहीं सो सका...
पुराने मुहल्लों में रात को ट्रिपिंग की समस्या बढ़ी, 7 दिन से लोकोशेड और जिगर कॉलोनी में आपूर्ति बाधित
शिवपुरी में तार बदलते कर्मचारी।
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में बिजली विभाग की पुर्नोत्थान वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के अतंर्गत तार बदलने के कार्य में ढिलाई से लोग परेशान हैं। कार्य के चलते लगातार कई दिनों से कुछ मुहल्लों में आपूर्ति बाधित हो रही है। साथ ही रात में ट्रिपिंग की समस्या भी बढ़ी है। जिससे विभाग के अधिकारी भी रात भर नहीं सो पाने की बात कर रहे हैं। बुधवार को अधिशासी अभियंता प्रथम शैलेंद्र गौतम ने बताया कि वह भी ट्रिपिंग के चलते रातभर सो नहीं सके हैं।
आशियाना कॉलोनी में सुबह 8 से 3 बजे तक दिन में तीन बार बिजली आपूर्ति बाधित रही।अवंतिका और सांई मंदिर रोड पर आपूर्ति सुबह 11 बजे जाने के बाद दोपहर 2 बजे सुचारू हुई। नवीन नगर कॉलोनी में सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक ट्रिपिंग होती रही। नवीन नगर निवासी आलोक कश्यप ने बताया कि बिजली सुबह 10 बजे से कई बार आई गई। रामगंगा विहार के नवनीत अरोरा ने बताया कि बिजली आपूर्ति ने परेशान कर दिया है। थोड़ी देर आकर आपूर्ति कई घंटे के लिए बाधित हो जाती है।
कई दिनों से आरडीएसएस योजना के अंतर्गत तार बदलने में आपूर्ति कई घंटों के लिए बंद रहती है। बुधवार को सुबह 11 बजे से 3 बजे तक सप्लाई बंद रही। लोकोशेड मोहल्ले में लगातार सातवें दिन 11 से 4 बजे तक बिजली गुल रहने से लोग परेशान हो गए हैं। लोकोशेड निवासी राजेंद्र तिवारी ने बताया कि रोज तार बदलने के नाम पर बिजली गुल रहने लगी है। कार्य में बिजली कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं।
अधिशासी अभियंता वितरण खंड द्वितीय शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तार बदलने का कार्य कुछ ही घंटे चल रहा है। कुछ मुहल्लों का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण लगातार कार्य चल रहा है। आरडीएसएस योजना के अंतर्गत कार्य लंबा चल रहा है। जिससे क्षेत्र में ट्रिपिंग की समस्या पूर्ण रूप से समाप्त हो जाएगी। जर्जर तारों के कारण ट्रिपिंग की समस्या महानगर बनी है।
घोषित कटौती में पांच मुहल्लों की बिजली रहेगी गुल
मुरादाबाद। महानगर में बिजली विभाग द्वारा जर्जर बदलने का कार्य चल रहा है। जिसको लेकर शहरवासियों को कटौती के पहले जानकारी दी गई है। जिससे सुबह पानी की व्यवस्था का इंतजाम किया जा सके। बुधवार को नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम के क्षेत्र टीपी नगर में सुबह 10 से 4 बजे और लोकोशेड में 11 से 3 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। वितरण खंड द्वितीय में दौलतबाग 11 से 2 बजे तक बिजली नहीं रहेगी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : नई टाउनशिप योजना पर आपत्तियों का ग्रहण, अधिकारी कर रहे किसानों से संवाद
