हल्द्वानी: प्रदेश में स्मैक सप्लाई करने वाले यूपी के तस्कर हल्द्वानी में गिरफ्तार
हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य में स्मैक की सप्लाई करने वाले शातिर तस्कर उस वक्त काठगोदाम पुलिस के हत्थे चढ़े, जब वह एक और खेप लेकर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में स्मैक और स्मैक को तौलने के लिए रखा तराजू बरामद किया है। एसएसपी ने गुडवर्क करने वाली टीम को 5 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि काठगोदाम थाना पुलिस ने शिवनगर सिमरावोरीपुर कैंट बरेली निवासी शिशुपाल वर्मा पुत्र गुलफाम व मतकलपुर महमूदपुर आंवला बरेली निवासी नीलेश पुत्र रामपाल को गिरफ्तार किया है।
दोनों स्मैक के साथ मोटर साइकिल संख्या यूपी 25डीपी0318 पर होकर निकले थे और काठगोदाम व आस-पास के इलाकों में स्मैक की सप्लाई देनी थी। इससे पहले पुलिस ने दोनों को गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पास से गिरफ्तार कर लिया। कुल 218 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।
जिसमें 107 ग्राम शिशुपाल और 111 ग्राम स्मैक नीलेश के पास से मिली है। इनसे स्मैक तौलने वाला इलेक्ट्रानिक तराजू भी बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर बाइक सीज कर दी गई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पिछले एक साल से स्मैक सप्लाई के धंधे में लगे थे और सहारनपुर और देहरादून तक स्मैक की खेप पहुंचा चुके थे।
बरामद स्मैक आरोपी पड़ोस के गांव जंतीरा आंवला निवासी भूरा से एक दिन पहले ही खरीद कर लाए थे। पुलिस टीम में मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी फिरोज आलम, कां.लोकेश उपाध्याय, कां.प्रकाश, एसओजी से हे.कां.कुन्दन कठायत, कां. दिनेश नगरकोटी, भानू प्रताप, अनिल गिरी थे।
