Bageshwar Upchunaav: रंजीत दास भाजपा में, कांग्रेस को बड़ा झटका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में ली पार्टी की सदस्यता, जिले के कांग्रेसी हुए सन्न

देहरादून, अमृत विचार। बागेश्वर विधानसभा के उपचुनाव में प्रत्याशी के नाम पर एक राय बनने से पहले ही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के प्रमुख चेहरे और वर्तमान उपचुनाव में टिकट के प्रबल दावेदार रंजीत दास ने शनिवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। रंजीत के इस फैसले से कांग्रेस नेता भी सन्न रह गए।

रंजीत दास के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, डबल इंजन सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बागेश्वर विधानसभा से प्रत्याशी रहे रंजीत दास ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। वहीं, चर्चा है कि कांग्रेस की तरफ से इस उपचुनाव में आम आदमी पार्टी और बसपा से प्रत्याशी रह चुके बसंत कुमार भाग्य आजमा सकते हैं।

बसंत कुमार को कांग्रेस में लाने के लिए कई दौर की वार्ता हो चुकी है। वहीं, रंजीत दास आरंभ से ही कांग्रेस में रहे हैं और उनके पिता गोपाल राम दास उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं। गत चुनावों में उन्हें काफी संघर्ष के साथ टिकट मिला परंतु अंतर्विरोध का सामना करना पड़ा तथा वे चुनाव हार गए थे।

उधर, भाजपा की तरफ से अभी दिवंगत चंदन राम दास के परिवार से ही किसी सदस्य को टिकट मिलने की चर्चा है। राजनैतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा और कांग्रेस से रविवार या सोमवार तक प्रत्याशी का नाम फाइनल हो सकता है। भाजपा से आधिकारिक तौर पर घोषित प्रत्याशी द्वारा 16 अगस्त को नामांकन करने की बात कही जा रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी भी मौजूद रह सकते हैं।

 

संबंधित समाचार