हल्द्वानी: प्रदेश से इकलौते चोरगलिया थानाध्यक्ष को मिलेगा गृह मंत्री पदक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। चोरगलिया थाना अध्यक्ष भगवान सिंह महर को जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पदक से सम्मानित किया जाएगा। इस पदक के लिए देशभर से 140 पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया है। जिसमें उत्तराखंड से मात्र एक भगवाल सिंह का नाम शामिल है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पदक का गठन 2018 में अपराध की जांच के उच्च पेशेवर मानकों को बढ़ावा देने और जांच में ऐसी उत्कृष्टता को मान्यता देने के उद्देश्य से किया गया था। एसओ चोरगलिया भगवान सिंह महर को यह पदक वर्ष 2018 में एक युवती की फावड़े से काटकर नृशंस हत्या करने वाले आरोपियों को सजा दिलाने पर मिलेगा। इस जांच में पुलिस को सूचना देने वाला भी आरोपी निकला।

एसओ की निष्पक्ष जांच के बाद युवती के भाइयों को फांसी की सजा मिली। एसओ ने बताया कि मृतका ने घर से भागकर शादी की थी, इसलिए आरोपी भाईयों ने हत्या कर दी थी। पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मियों में से 15 सीबीआई, 12 एनआईए, 10 उत्तर प्रदेश, 09 केरल और राजस्थान, 08 तमिलनाडु, 07 मध्य प्रदेश, 06 गुजरात के और शेष अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों/संगठन से हैं। इनमें 22 महिला पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। एसएसपी पंकज भट्ट समेत पुलिस अधिकारियों ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है और उन्हें बधाई दी है।

संबंधित समाचार