Hamirpur Accident: वाहन की टक्कर से शिक्षक की मौत, पत्नी घायल, तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में वाहन की टक्कर से शिक्षक की मौत।

हमीरपुर में वाहन की टक्कर से शिक्षक की मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी घायल हो गई। तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर लौटते समय हादसा हुआ।

हमीरपुर, अमृत विचार। स्वतंत्रता दिवस की शाम रिश्तेदारों के घर से अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे दंपती को नेशनल हाईवे में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एम्बुलेंस और ग्रामीणों के सहयोग से कस्बे के सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां पर डाक्टरों ने शिक्षक को मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी का सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

सुमेरपुर कस्बे के मोहल्ला इमिलिया निवासी (हाल मुकाम फत्तेपुर मौदहा) अवध नरेश (50) अपनी पत्नी के साथ सुमेरपुर में किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से बाइक द्वारा कस्बा लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे पर मकरांव के निकट किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए कस्बे के सरकारी अस्पताल लाया गया।

जहाँ पर डाक्टरों ने अवध नरेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल पत्नी का सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक अवध नरेश शिक्षा विभाग में प्रधानाध्यापक के पद पर करहिया प्राथमिक विद्यालय में तैनात थे। मृतक अवध नरेश अपने पीछे पत्नी सहित दो पुत्र और एक पुत्री को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। घर में हुई इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और रो -रोकर बुरा हाल है।

संबंधित समाचार