बरेली: दिवंगत शिक्षिका की ग्रेच्युटी और फंड के एवज में बाबू मांग रहा 50 हजार, BSA-CDO से शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिवंगत शिक्षिका पत्नी की ग्रेच्युटी और फंड के लिए पति को भोजीपुरा बीआरसी कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। आरोप है कि कार्यालय में तैनात एक बाबू इसके एवज में 50 हजार रुपये मांग रहा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत बीएसए और सीडीओ से की है।

राजेंद्र नगर निवासी संजय द्विवेदी के अनुसार उनकी पत्नी रेनु शर्मा भोजीपुरा ब्लाक में अटा कायस्थान के कंपोजिट विद्यालय में शिक्षिका थीं। 24 मार्च 2023 को उनका निधन हो गया। उन्होंने इस घटना के कुछ दिन बाद उनके फंड और ग्रेच्युटी के लिए बीआरसी कार्यालय में आवेदन किया। अधिकारियों ने इसके लिए उन्हें स्कूल से एनओसी तैयार कराने को कहा। आरोप है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक की लापरवाही से पत्नी के स्कूल से एनओसी तैयार कराने में उन्हें ढाई माह लग गए।

जुलाई में उन्होंने खुद बीआरसी कार्यालय पहुंचकर फंड और ग्रेच्युटी संबंधी दस्तावेज जमा किए। फाइल आगे बढ़ाने के लिए कार्यालय का एक लिपिक उनसे 50 हजार की मांग कर रहा है। बात करने पर उसने कहा कि खुद साहब से बात कर लो और अपना काम करा लो।

फाइल में आए दिन कमियां निकाल कर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित लिपिक और अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने और पत्नी की ग्रेच्युटी और फंड का भुगतान कराने की मांग की है।

शिकायती पत्र के आधार पर संबंधित प्रकरण के संबंध में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दिवंगत शिक्षिका के शेष भुगतान के लिए उनके पति को किसी भी दशा में परेशान नहीं होने दिया जाएगा---संजय सिंह, बीएसए।

यह भी पढ़ें- भारत के मुसलमानों के पूर्वज गैर मुस्लिम थे- शहाबुद्दीन रजवी

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज