गरमपानी: एक दर्जन से ज्यादा अतिक्रमणकारियों ने छोड़ दी एनएच की जमीन
गरमपानी , अमृत विचार। कुमाऊं की लाइफ लाइन पर उच्च न्यायालय के आदेश पर अतिक्रमण हटाने को एनएच प्रशासन ने कमर कस ली है। क्वारब से काकड़ीघाट तक करीब 55 किमी दायरे में 45 अतिक्रमणकारियों को चिह्नित कर नोटिस भेज समय रहते अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दे दिए गए हैं। खैरना चौराहे पर भी सख्ती का असर दिखा है। वर्षो से चौराहे पर कब्जा जमाने बैठे लगभग एक दर्जन अतिक्रमणकारियों ने खुद ही एनएच की जमीन को खाली कर अवैध कब्जे हटा लिए है।
हाइकोर्ट के आदेश के बाद हरकत में आए एनएच विभाग ने महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से अवैध अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरु कर दी है। ज्योलिकोट से क्वारब पुल तक करीब 55 किमी दायरे में 45 अतिक्रमण चिह्नित किए जा चुके हैं। विभाग ने अतिक्रमणकारियों को बकायदा नोटिस भेज खुद ही अतिक्रमण हटाने को कहा है।
अतिक्रमण न हटाने पर ध्वस्त करने की चेतावनी भी दी है। खैरना चौराहे पर भी अभियान का असर दिखाई दिया है। कई वर्षों से चौराहे पर कब्जा जमाने बैठे अतिक्रमणकारियों ने खुद ही एनएच की जमीन खाली कर दी है। करीब एक दर्जन से ज्यादा अतिक्रमणकारियों ने अवैध कब्जा हटा दिया है।
एनएच के अपर सहायक अभियंता विनोद कुमार के अनुसार अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजे जा चुके हैं। उच्चाधिकारियों का आदेश मिलते ही अतिक्रमण हटाने का अभियान भी शुरु कर दिया जाएगा। अतिक्रमणकारियों को नोटिस थमाए जाने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा है। एनएच तक कब्जा जमा अतिक्रमण करने वाले कई लोग खुद ही अवैध निर्माण हटाने में जुट गए हैं।
