मुजफ्फरनगर: किसान नेता और दो ग्राम प्रधानों सहित 30 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, जानें मामला
मुजफ्फरनगर। जिले के मीरांपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को वन अधिकारियों द्वारा पकड़े गए दो लोगों को कथित रूप से छुड़ाने के आरोप में एक स्थानीय किसान नेता और दो ग्राम प्रधानों सहित 30 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शकील अहमद ने बताया कि वन अधिकारियों ने बारासिंघा वन्यजीव अभयारण्य से घास काटने के आरोप में अलीजान और कुलदीप नाम के लोगों को गिरफ्तार किया था।
उन्होंने बताया, "वन अधिकारियों से मिली तहरीर के अनुसार, भारतीय किसान यूनियन के नेता अखिलेश चौधरी, दो ग्राम प्रधानों, गोपाल सिंह और अवतार सिंह सहित 30 लोगों ने अज्ञात व्यक्तियों के साथ गिरफ्तार आरोपियों को वन अधिकारियों की हिरासत से छुड़ा लिया।" पुलिस को दी गयी शिकायत में अलीजान और कुलदीप का भी नाम है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दंगा, हमला, लोक सेवकों को उनके आधिकारिक कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए आपराधिक बल का उपयोग करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
