हल्द्वानी: जमा पूंजी लेने पहुंचे तो संस्था के दफ्तर पर लगा मिला ताला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सूक्ष्म जमा योजना के नाम पर युवक से की गई ठगी

एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

हल्द्वानी, अमृत विचार।  गाढ़ी कमाई पर ब्याज का लालच देकर एक संस्था पैसे जमा कराती रही। पीड़ित जब जमा पूंजी लेने पहुंचा तो उसे संस्था के दरवाजे पर ताला मिला। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को सौंपी तहरीर में रंजीत सागर पुत्र स्व. राजेन्द्र सिंह सागर निवासी अम्बेडकर नगर बरेली रोड ने कहा है कि उसने सहकारिता विभाग उत्तराखंड में पंजीकृत देवभूमि बहुद्देश्यीय स्वयंसेवक सहकारिता संस्था के कपिल काम्पलेक्स में स्थित प्रधान कार्यालय में सूक्ष्म जमा योजना के तहत एजेंट गजेन्द्र नेगी व उसकी पत्नी के माध्यम से खाते खुलवाए।

जिनमें उसने 1.24 लाख की रकम जमा कराई। जब इस रकम की परिपक्वता राशि की अवधि पूरी हुई तो वह दफ्तर पहुंचे। यहां पता लगा कि संस्था बंद हो चुकी है। वहां मौजूद हेम पंत ने बताया कि इस संस्था ने काम बंद कर दिया है। इस पर उसे धोखाधड़ी का आभास हुआ। तहरीर पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।

 

संबंधित समाचार