बागेश्वर उपचुनाव: कांग्रेस ने स्टार प्रचारक, भाजपा ने प्रवासी प्रभारी उतारे
43 प्रवासी प्रभारियों को शक्ति केंद्रों की दी जिम्मेदारी भाजपा ने
40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है कांग्रेस ने
बागेश्वर, अमृत विचार। बागेश्वर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने कमर कस ली है। प्रदेश के साथ ही केंद्रीय संगठन के नेताओं को भी उपचुनाव में उतारा जा रहा है। शनिवार को कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारकों को विधानसभा क्षेत्र में तैनात किया तो भाजपा ने विभिन्न राज्यों में रह रहे 43 प्रवासी प्रभारियों की तैनाती शक्ति केंद्रों की जिम्मेदारी दे दी है।
कांग्रेस ने बागेश्वर उपचुनाव के लिए बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 40 स्टार प्रचारकों को जिम्मेदारी दी है। इनमे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, देवेंद्र यादव, यशपाल आर्या, सुमित हृदयेश, मनोज तिवारी, ममता राकेश, अनुपमा रावत, ज्योति रौतेला, हेमा पुरोहित आदि के नाम हैं। वहीं, रविवार को भाजपा ने अपने चुनाव प्रचार की रणनीति में एक और कदम बढ़ाते हुए उपचुनाव में 43 शक्ति केंद्रों में प्रवासी प्रभारियों की तैनाती की है।
भाजपा के प्रवासी प्रभारी एडवोकेट कुंदन परिहार ने प्रवासी प्रभारियों की बैठक लेते हुए माइक्रो मैनेजमेंट कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास बूथ लेबल तक संगठन है जिसमें शक्ति केंद्र, बूथ प्रभारी व पन्ना प्रमुख तक के पदाधिकारी हैं तथा बूथ में दर्जनों कार्यकर्ता हैं। उन्होंने प्रत्येक शक्ति केंद्रों में तैनाती करते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री रमेश सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह, विधानसभा संयोजक शिव सिंह बिष्ट, सहसंयोजक सुबोध साह, प्रकाश साह, दयाल कांडपाल आदि नेताओं ने विचार व्यक्त किए। उधर, भाजपा व कांग्रेस जहां जोर-शोर से चुनाव तथा प्रचार व बैठकों का आयोजन कर रही हैं। वहीं, सपा व उक्रांद के प्रत्याशी जनता के बीच जाकर संपर्क कर रहे हैं।
कोई फर्क नहीं पड़ेगा: तिवारी
अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने रविवार को प्रेस वार्ता में कहा कि, बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा या कांग्रेस की जीत से राज्य की राजनीति में कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है, क्योंकि इससे न तो सरकार बदलेगी और न ही विपक्ष की ताकत बढ़ेगी। उन्होंने भाजपा व कांग्रेस पर तंज कसते हुए कई आरोप लगाए। इस मौके पर उपपा की आनंदी वर्मा, राजू गिरी, विनोद जोशी, अमिनुर्रहमान व भारती पांडे आदि मौजूद रहे।
