रुद्रपुर: जमीन दिखाकर बयाने के 12 लाख रुपये हड़पने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चेक देकर किया गुमराह, फिर मिलने लगी धमकी

रुद्रपुर, अमृत विचार। खेड़ा बस्ती के रहने वाले खरीददार ने विक्रेता दंपति पर भूमि के नाम पर बयाना हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि लाखों का बयाना लेने के बावजूद बेची गई जमीन को किसी और को बेच दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार खेड़ा बस्ती निवासी केसर अली ने बताया कि उसने ओमेक्स रिवेरा कॉलोनी के रहने वाले विवेक गुप्ता से फाजलपुर महरौला में 295.55 वर्ग गज की भूमि 47.33 लाख रुपये में खरीदी थी और 14 मार्च 2022 को विक्रेता विवेक गुप्ता को 7 लाख रुपये का बयाना दिया था। वहीं उसी दिन विक्रेता की पत्नी स्वीटी गुप्ता के नाम 5 लाख रुपये का स्टांप भी दिया।

शेष रकम 15 सितंबर 2022 तक चुकता करने का आश्वासन दिया, लेकिन अचानक सौदा रद्द हो गया। तब तक वह विक्रेता को 12 लाख रुपये दे चुका था। जब रकम वापसी का दबाव बनाया तो आरोपी ने 12 लाख रुपये के दो चेक दिए और बैंक में लगाने से मना कर दिया। साथ ही बताया कि वह रकम नगद भुगतान करेगा।

जिस पर विश्वास करते हुए कुछ समय इंतजार करने के बाद दोबारा आरोपी से रकम की मांग की तो बयान देने से इंकार कर दिया। बाद में पता चला कि जो भूमि को उसने खरीदी थी। उसका बयान लेने के बाद उसी भूमि को किसी और को बेच दी। जिस पर निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। पीड़ित ने बयाने के रूप में दी गई राशि मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

 

संबंधित समाचार