शाहजहांपुर: हड़ताल से सफाई व्यवस्था हुई ध्वस्त, मोहल्लों में लगे कूड़े के ढेर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दूसरे दिन भी हड़तला पर रहे ठेका सफाई कर्मचारी

शाहजहांपुर, अमृत विचार। नगर निगम के डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन सफाई कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल का सीधा असर सफाई व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है। शहर के मोहल्लों में गंदगी के ढेर लग गए हैं। दूसरे दिन भी ठेका कंपनी के लगभग 250 सफाई कर्मी हड़ताल में शामिल रहे और घरों से कूड़ा नहीं उठाया।

ऐसे में लगभग 80 हजार घरों से कूड़ा नहीं उठ सका। दो दिन से न उठने के चलते कूड़ा अब सड़ना शुरू हो गया है, जिससे बदबू उठने लगी है। मोहल्लों में कूड़े के ढेर लगे हुए दिखाई दिए। सुबह सफाई कर्मचारी घरों से कूड़ा उठाने नहीं पहुंचे। कूड़े के ढेर के पास खाने की तलाश में मवेशी भी पहुंच रहे हैं, जो कूड़े को पूरी सड़क पर फैला देते हैं। इससे राहगीरों को भी निकलने में काफी समस्या हो रही है।

सफाई कर्मचारियों ने बताया कि डोर टू डोर सफाई कार्य से जुड़े कर्मचारी मंगलवार को गांधी भवन में एकत्र हुए और कार्य नहीं किया। इस दौरान कोई अधिकारी वार्ता के लिए नहीं आया। अब सभी कर्मचारियों ने तय किया है कि रामलीला मैदान खिरनी बाग चौराहे पर इकट्ठा होकर धरना प्रदर्शन करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन व नगर निगम की होगी। धरना प्रदीप वाल्मीकि के नेतृत्व में होगा।

मंगलवार को धरने में गोपी, रईस, रजत, आसिफ, संदीप, संजीव, विशाल, मुकुल, अमित सहित सभी सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। सफाई कर्मचारियों ने निर्णय लिया है कि जब तक वेतन नहीं मिल जाता तब तक कोई काम नहीं किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव प्रदीप कुमार वाल्मीकि ने कहा कि दो दिन से सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं, लेकिन अभी तक हमारी ओर अधिकारियों ने उस तरह ध्यान नहीं दिया है, जिस तरह दिया जाना चाहिए था। मंगलवार को कोई अधिकारी वार्ता के लिए भी नहीं पहुंचा। जिसके चलते अब धरना देने का फैसला लिया गया है। जब तक वेतन नहीं मिल जाता सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: दो बेटों की मदद से भाई की सोते समय कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या

संबंधित समाचार