देहरादून: फिल्मांकन के लिये पूरा उत्तराखंड एक डेस्टिनेशन
देहरादून, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की सूची में उत्तराखंड की दो लघु फिल्म 'पाताल-ती' के लिए के लिए बिट्टू रावत को बेस्ट सिनेमैटोग्राफी एवं बेस्ट नॉन फीचर फिल्म हेतु सृष्टि लखेड़ा की गढ़वाली फ़िल्म 'एक था गांव' को चयनित किए जाने पर दोनों फिल्मों के सभी परिश्रमी सदस्यों को शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्मांकन के लिये पूरा उत्तराखंड एक डेस्टिनेशन है। राज्य के इन युवाओं ने अपनी प्रतिभा के बल पर हिमालयी सरोकारों एवं पलायन जैसी गंभीर समस्या को राष्ट्रीय फलक पर लाने का कार्य किया है। ये फिल्में समाज को दिशा देने के साथ ही युवाओं को प्रेरणा देने का भी कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन युवाओं को मिला पुरस्कार राज्य का भी सम्मान है। कहा कि उत्तराखंड का नैसर्गिक सौंदर्य फिल्मकारों को देवभूमि उत्तराखंड के लिए आकर्षण का केन्द्र बना है। राज्य में फिल्मकारों को सुविधा प्रदान करने के लिये उनके हित में कई निर्णय लिये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने फिल्म जगत से जुड़े प्रदेशवासियों से अपेक्षा की कि उन्हें उत्तराखंड की इस पावन भूमि ने इस मुकाम तक पहुंचाने का अवसर दिया है। देश व दुनिया के साथ अपने प्रदेश का नाम रोशन करने में भी वे मददगार बनें। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी राज्य के इन युवा फिल्मकारों को बधाई दी है। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी डॉ. नितिन उपाध्याय के साथ अन्य अधिकारियों ने भी इसे राज्य के लिये बड़ी उपलब्धि बताया है।
आईटीडीए को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार
देहरादून, अमृत विचार: इंदौर में आयोजित 26वीं ई-गवर्नेंस कॉन्फ्रेंस में आईटीडीए द्वारा विकसित अपुणी सरकार पोर्टल को नेशनल ई-गवर्नेंस अवार्ड-2023 में रजत पदक प्राप्त हुआ है। इसके अंतर्गत एक ट्रॉफी एवं 5 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया है।
राज्य की सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेन्सी (आईटीडीए) को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार मिलने पर मुख्यमंत्री धामी ने निदेशक आईटीडीए एवं अन्य अधिकारियों को बधाई देते कहा कि राज्य सरकार के अपुणी सरकार ई-पोर्टल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना हम सबके लिये सम्मान की बात है। यह पुरस्कार राज्य में ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में की जा रही पहल को और गति प्रदान करने में भी सहायक होगा।
