बरेली: आईवीआरआई निदेशक ने केंद्रीय मंत्री के सामने रखे 366 करोड़ के प्रस्ताव
बरेली, अमृत विचार। भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के निदेशक डॉ त्रिवेणी दत्त ने बैंगलुरु कैंपस में वेटेनरी बॉयोलॉजिकल की क्वालिटी कंट्रोल टेस्टिंग सुविधाओं को बढ़ाने समेत कई प्रस्तावों को लेकर केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला से दिल्ली में मुलाकात की। चर्चा के दौरान उन्होंने विभिन्न गतिविधियों के लिए करीब 366 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा।
रखे गए प्रस्तावों के अनुसार संस्थान में बैचलर ऑफ वेटेनरी साइंस के लिए अत्याधुनिक ढांचागत सुविधाएं विकसित करने वाले शैक्षणिक मानकों को विश्व स्तर पर लाने और सम विश्वविद्यालय को मजबूत करने के लिए 36 करोड़, वेटेनरी बॉयोलॉजिकल के उत्पादन और उन्नयन के लिए राष्ट्रीय वेटेनरी बॉयोलॉजिकल केंद्र की स्थापना, अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित करने आदि के लिए 180 करोड़, संस्थान के बैंगलुरु कैंपस में वेटनरी बायोलोजिकल की क्वालिटी कंट्रोल टेस्टिंग सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 150 करोड़ का प्रस्ताव रखा।
केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने सभी प्रस्तावों पर अपनी सैद्धांतिक सहमति जताते हुए आईवीआरआई को राष्ट्रीय जरूरतों के अनुसार कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने वैक्सीन एवं डायग्नोस्टिक को विकसित करने, स्नातकोत्तर डिग्री कार्यक्रम के साथ बीवीएससी और एएच डिग्री के शैक्षणिक कार्यक्रम की शुरूआत करने के लिए आईवीआरआई की गतिविधियों की सरहाना की।
ये भी पढ़ें : बरेली: झूठी रिपोर्ट... ईओ नवाबगंज के लिए, हर समस्या का यही एक समाधान
